उदयपुर में राज्य स्तरीय कुश्ती में बीकानेर के पहलवानों का दबदबा; तीन स्वर्ण सहित झटके कुल चार पदक
उदयपुर में राज्य स्तरीय कुश्ती में बीकानेर के पहलवानों का दबदबा; तीन स्वर्ण सहित झटके कुल चार पदक


बीकानेर, 11 फ़रवरी । झीलों की नगरी उदयपुर में आयोजित ‘अंडर-15 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता’ में बीकानेर जिले के युवा पहलवानों ने अपने कौशल और दमखम का लोहा मनवाते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए हैं। इस शानदार सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और कुश्ती जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है। जिला कुश्ती संघ के संरक्षक जगन पूनिया ने परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि बीकानेर के पहलवानों ने मैट पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया।


पदक विजेताओं का विवरण इस प्रकार है.


उदयपुर में आयोजित अंडर-15 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में बीकानेर जिले के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। जिला कुश्ती संघ के संरक्षक जगन पुनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 41 किलो भार वर्ग में आशीष, 48 किलो में भागीरथ तथा 52 किलो भार वर्ग में हरीश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं 44 किलो भार वर्ग में राजवीर ने रजत पदक जीतकर बीकानेर को गौरवान्वित किया।
खेल प्रेमियों और संघ के पदाधिकारियों ने दी बधाई
बीकानेर जिला कुश्ती संघ के सचिव रामप्रताप ने बताया कि खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर संघ के अध्यक्ष कमल कल्ला सहित पदाधिकारियों ने खुशी जाहिर की है। खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अरुण कुमार पांडे, सुशील कुमार डूडी, जसविंदर सिंह पाल, राम पवन पूनिया, मानसिंह सियाग, नवलराम, प्रदीप स्वामी, लक्ष्मण सारस्वत और रामप्रसाद ने विजेताओं को बधाई दी।
पदाधिकारियों ने कहा कि कम उम्र में इन पहलवानों द्वारा राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना यह दर्शाता है कि बीकानेर में कुश्ती की प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी राजस्थान और बीकानेर का नाम रोशन करेंगे। पदक विजेता खिलाड़ियों का बीकानेर आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।
