सीने में चाकू घोंपकर बोलेरो चालक की हत्या, आरोपी के पिता को पुलिस ने किया डिटेन
सीने में चाकू घोंपकर बोलेरो चालक की हत्या

बीकानेर, 21 अक्टूबर। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव में मंगलवार रात पुरानी रंजिश या विवाद के चलते एक युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। गांव की मुख्य चौपाल के पास रात करीब 10:15 बजे 28 वर्षीय बोलेरो चालक नेमीचंद लूखा (पुत्र हरिराम लूखा) के सीने में आरोपी ने पीछे से दबोचकर चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने दम तोड़ दिया।


वारदात के बाद से आरोपी मौके से फरार है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में रोष फैल गया, जो रात में ही थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात करीब 3 बजे फरार आरोपी के पिता को डिटेन कर लिया है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में फरार मुख्य आरोपी की तलाश व हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।




