सीएम भजनलाल शर्मा बीकानेर में: ₹40 करोड़ के उप जिला चिकित्सालय का शिलान्यास; “गरीब को गणेश मानकर काम करेंगे, हर साल देंगे हिसाब

सीएम भजनलाल शर्मा बीकानेर में
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025

बीकानेर, 16 दिसंबर। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा आज बीकानेर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे। उन्होंने लूणकरनसर में ₹40 करोड़ की लागत से बनने वाले सरकारी उप जिला चिकित्सालय का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री विशेष विमान से नाल हवाई अड्डे पहुँचे, जहाँ भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुल्क के मालिक को देना होगा हिसाब
लूणकरनसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, “दो साल पहले हमने जनता से वादा किया था कि संकल्प पत्र के एक-एक वादे को पूरा करेंगे। हम जब आपके बीच आएंगे तो हर साल का हिसाब देंगे।” उन्होंने कहा, “हम कहते हैं कि हमारे मुल्क का मालिक हमारा किसान है, हमारा गरीब है, हमारा मजदूर है। हमारी माता-बहनें और युवा हैं। इसलिए मुल्क के मालिक को हिसाब देना ही होगा। हम गरीब को गणेश मानकर काम करते हैं।”

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

हर विधानसभा के विकास कार्यों की ‘किताब’
मुख्यमंत्री ने बताया कि विकास रथ हर गांव में जा रहा है। इस रथ में उस विधानसभा क्षेत्र में किए गए कार्यों की एक किताब रखी गई है। साथ ही, उसमें एक सुझाव पेटी भी है, ताकि आमजन अपने सुझाव दे सकें और सरकार उनकी भावनाओं के मुताबिक काम कर सके। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार दल देखकर काम नहीं करती। उन्होंने कहा, “हम दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में सभी के लिए काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने केंद्र में रहते हुए भाजपा शासित राज्यों में गैस सिलेंडर महंगा रखा और कांग्रेस शासित राज्यों में सस्ता किया। हम ऐसा नहीं करते, हमारे लिए सभी समान हैं।”

pop ronak

महाराजा गंगा सिंह को किया याद, 2027 तक दिन में मिलेगी बिजली
मुख्यमंत्री ने बीकानेर के पूर्व महाराजा गंगा सिंह को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही पश्चिमी राजस्थान में पानी आ सका। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके काम को आगे बढ़ाते हुए पश्चिमी राजस्थान को पानी उपलब्ध कराने के लिए नए सिरे से रुपए स्वीकृत कर रही है। बिजली उत्पादन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बड़ा वादा करते हुए कहा कि उनकी सरकार साल 2027 तक किसान को दिन में बिजली देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में काम किया जा रहा है और जोधपुर विद्युत वितरण निगम काफी बड़ा है।

₹377 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने उप जिला चिकित्सालय के साथ ही इंदिरा गांधी नहर की मरम्मत, सड़कों और अन्य कार्यों का शिलान्यास किया। करीब ₹377 करोड़ की लागत से होने वाले ये कार्य अगले दो साल में पूरे होंगे। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने घोषणा की कि प्रदेश की दो सौ विधानसभाओं में सबसे शानदार सड़कें लूणकरनसर की होंगी, जिसके लिए ₹100 करोड़ रुपए की लागत से सड़कें बनाई जा रही हैं। मंत्री गोदारा ने मुख्यमंत्री से ₹10 करोड़ की लागत से मिनी सचिवालय बनाने के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी, जिसमें सभी सोलह विभागों के कार्यालय बनाए जाएंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। नाल एयरपोर्ट पर भाजपा पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए और प्रशासनिक अधिकारी पूरे दौरे के दौरान अलर्ट मोड पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *