उद्यमिता विकास और आत्मनिर्भरता में कॉमर्स अत्यंत सहायक- प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी
उद्यमिता विकास और आत्मनिर्भरता में कॉमर्स अत्यंत सहायक- प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी

- बीकानेर में “कॉमर्स विषय की महत्ती भूमिका” पर परिचर्चा आयोजित
बीकानेर, 20 अक्टूबर। रानी बाज़ार स्थित जैन निवास पर मंगलवार को ‘वर्तमान में कॉमर्स विषय की महत्ती भूमिका’ विषयक एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। इनोवेटिव कॉमर्स डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस परिचर्चा के मुख्य अतिथि पूर्व प्रिंसिपल, चिंतक व लेखक प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी थे, जबकि अध्यक्षता पूर्व प्रिंसिपल एवं लायंस क्लब के पूर्व प्रांतपाल प्रो. सुमेर चंद जैन ने की। वहीं, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के प्रभारी डॉ. मान केशव सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक दौर में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में कॉमर्स विषय की नितांत आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्यमिता विकास (एंटरप्रेन्योरशिप), उचित वित्तीय प्रबंधन और बाजार की समझ विकसित करने में कॉमर्स ज्ञान का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बी.कॉम, बीबीए, सीए, सीएस और सीएमए जैसे पाठ्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।



अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. सुमेर चंद जैन ने कॉमर्स को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बेहद मददगार बताते हुए आत्मनिर्भरता का आधार कहा। विशिष्ट अतिथि डॉ. मान केशव सैनी ने डिजिटल युग में कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल मार्केटिंग, अकाउंटिंग और ऑनलाइन बिजनेस में बढ़ती संभावनाओं को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विमल कुमार शर्मा, प्रो. पूजा जैन राखेचा, किशन कोठारी और प्रो. डॉ. शालिनी आरी ने भी कॉमर्स को ‘वोकल फॉर लोकल’ और देश की आर्थिक प्रगति के लिए आवश्यक बताया। इस अवसर पर संस्था द्वारा प्रो. सुमेर चंद जैन का अभिनंदन किया गया, तथा प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी ने अपनी पुस्तक ‘युवा उड़ान’ अतिथियों को भेंट की। अंत में श्रीमती शारदा देवी जैन ने आभार व्यक्त किया।

