

बीकानेर, 25 नवम्बार । राज्य सरकार द्वारा राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम में संशोधन कर रीको को भूमि संबंधी शक्तियां प्रदान किए जाने के करीब 10 माह बीत जाने के बाद भी रीको मुख्यालय ने इसके क्रियान्वयन के लिए जरूरी गाइडलाइन और विस्तृत पॉलिसी तैयार नहीं की है। रीको की इस सुस्ती का खामियाजा प्रदेश के 37 हस्तांतरित औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमियों को भुगतना पड़ रहा है, जहां भूमि के नामांतरण और बैंक एनओसी जैसे आवश्यक कार्य अटके होने से उद्योगों का विस्तार बाधित हो रहा है।


बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया और सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने राज्य सरकार से रीको की गाइडलाइन शीघ्र जारी करवाने की मांग करते हुए कहा कि एक ओर सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने की नीतियां बना रही है, वहीं दूसरी ओर रीको की कार्यप्रणाली के कारण उद्यमियों का विस्तार अटका हुआ है। उन्होंने बताया कि नई मशीनरी लगाने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने या नई इकाई शुरू करने के लिए बैंक से ऋण लेना आवश्यक होता है, जिसके लिए बैंक औद्योगिक भूखंड से जुड़े वैध दस्तावेज और एनओसी मांगते हैं, लेकिन प्रक्रिया स्पष्ट न होने से उद्योगपति सरकारी उलझनों में फंसे हुए हैं।



संघ के उपाध्यक्ष नरेश मित्तल और अशोक सुराणा ने कहा कि राज्य सरकार ‘राइजिंग राजस्थान’ जैसे आयोजनों के माध्यम से बड़े निवेश और नए उद्योग लाने के प्रयास कर रही है, लेकिन मौजूदा उद्योगों को अपने विस्तार के लिए आवश्यक दस्तावेज तक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के आदेश जारी होने के बावजूद गाइडलाइन लागू करने में हो रही देरी अनुचित है, क्योंकि नामांतरण और बैंक एनओसी के अभाव में वित्तीय संस्थान ऋण स्वीकृत नहीं कर रहे हैं, जिससे नई इकाइयों की स्थापना और विस्तार की योजनाएं ठप पड़ी हैं।,

