बीकानेर में पहली बार एक ही छत के नीचे होगा पांच कथाओं का महाकुंभ
बीकानेर में पहली बार एक ही छत के नीचे होगा पांच कथाओं का महाकुंभ

- 22 से 31 दिसंबर तक सजेगा कथा और रासलीला का दरबार, पोस्टर विमोचन संपन्न
बीकानेर, 20 अक्टूबर। बीकानेर में पहली बार एक ही छत के नीचे 11 दिनों तक पांच अलग-अलग कथाओं का भव्य आयोजन होने जा रहा है। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्रमंडल के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में 22 से 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस पंच पावन कथा महोत्सव के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को बाहेती भवन में पंडित जुगल किशोर ओझा ‘पुजारी बाबा’, व्यवसायी जगतनारायण कल्ला, कन्हैयालाल जोशी और राजेश चूरा के आतिथ्य में संपन्न हुआ।


फाउंडेशन के सीए महेंद्र चूरा ने बताया कि 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12:15 से 5:15 बजे तक विभिन्न विद्वानों द्वारा कथाएं सुनाई जाएंगी। इस दौरान 22-23 दिसंबर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास द्वारा श्रीमद् देवी भागवत कथा, 24-25 दिसंबर को पं. आशाराम व्यास द्वारा शिव महापुराण, 26-27 दिसंबर को पं. संजय व्यास द्वारा श्रीराम कथा, 28-29 दिसंबर को कोलकाता के पं. लक्ष्मीकांत व्यास द्वारा बाबा रामदेव चरित कथा और 30-31 दिसंबर को पं. मुरली मनोहर व्यास द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन सायं 7 से 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा मनमोहक रासलीला का मंचन किया जाएगा।



महोत्सव के शुभारंभ से एक दिन पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। यात्रा के पश्चात बीकानेर मानस परिवार की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ और पुनरासर हनुमान मंदिर परिवार की ओर से महाआरती होगी। इस अनुष्ठान में कई संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा और 31 दिसंबर को पूर्णाहुति पर महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के अवसर पर दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, बुलाकीदास व्यास, गोविंद नारायण चूरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

