बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा योग दिवस का मुख्य उत्सव
बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा योग दिवस का मुख्य उत्सव



- CS ने दिए वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स पर आयोजन के निर्देश
बीकानेर, 9 जून। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले ’12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस वर्ष यह वैश्विक आयोजन ”योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) की विशेष थीम पर आधारित होगा। आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली और प्रदेश भर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


यूनेस्को साइट्स और पर्यटन स्थलों पर होगा विशेष आयोजन


मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इस वर्ष योग दिवस का विस्तार केवल मैदानों तक सीमित न रहे, बल्कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों और यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स पर भी योग के विशेष सत्र आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि 21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रत्येक जिले, ब्लॉक, ग्राम पंचायत, निजी व राजकीय शिक्षण संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, कारागृहों और पुलिस थानों पर व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बीकानेर में डॉ. करणी सिंह स्टेडियम होगा मुख्य केंद्र
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के जिला नोडल अधिकारी एवं आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि बीकानेर का जिला स्तरीय मुख्य समारोह डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में सुबह 6 से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके सुव्यवस्थित संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रशिक्षण और डिजिटल पंजीकरण पर जोर
ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण: योग प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास सुनिश्चित करने के लिए 10 जून को सुबह 9 बजे से प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर शारीरिक शिक्षकों हेतु एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
योग संगम पोर्टल: मुख्य सचिव ने yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण करने और कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों की संख्या व फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
नीट (NEET) परीक्षा का भी रखा जाएगा ध्यान
21 जून को ही नीट (NEET) की परीक्षा होने के कारण मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को विशेष निर्देश दिए हैं कि योग दिवस के आयोजनों के साथ-साथ परीक्षा के सुरक्षित और सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक एहतियात बरते जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बीकानेर से संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू सहित आयुर्वेद विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


