शहीद दिवस पर 23 मार्च को बीकानेर में विशाल रक्तदान शिविर, 300 यूनिट का लक्ष्य
शहीद दिवस पर 23 मार्च को बीकानेर में विशाल रक्तदान शिविर, 300 यूनिट का लक्ष्य


बीकानेर, 21 मार्च । देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस (शहीद दिवस) को यादगार बनाने के लिए ‘टीम आगाज’ ने अनूठी पहल की है। आगामी सोमवार, 23 मार्च को गंगाशहर स्थित नई लाइन के अरुणोदय विद्या मंदिर में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।


‘आगाज – एक बदलाव का नाम’ पोस्टर का विमोचन
शिविर की तैयारियों को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन मंडल के संयोजक गोविन्द सारस्वत ‘जीजीवाला’ ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष टीम ने रक्तदान के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि देने का संकल्प लिया है। इस दौरान रामचंद्र आचार्य, अभिषेक आचार्य और विकास शर्मा सहित टीम के अन्य प्रमुख सदस्य भी मौजूद रहे।


300 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य
संयोजक सारस्वत ने जानकारी दी कि शिविर का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। टीम ने इस बार कम से कम 300 यूनिट रक्त संग्रहण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। खास बात यह है कि इस पुनीत कार्य में केवल युवा ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी स्वेच्छा से रक्तदान करने की सहमति प्रदान की है, जो समाज में बढ़ती जागरूकता का परिचायक है।
सामाजिक सरोकारों से युवाओं को जोड़ने की पहल
प्रेसवार्ता के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ‘टीम आगाज’ समय-समय पर सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रप्रेम से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहती है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में देशप्रेम की भावना को प्रबल करना और जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। आयोजन की सफलता के लिए बुलाकी गिरी, श्याम निर्मोही, जसकरण मारु और मुकुल गहलोत सहित पूरी टीम जनसंपर्क में जुटी हुई है।
