पीबीएम अस्पताल में जल संकट से मिलेगी राहत
पीबीएम अस्पताल में जल संकट से मिलेगी राहत



- भामाशाहों के सहयोग से बंद पड़े ट्यूबवेल का हुआ पुनरुद्धार
बीकानेर, 2 मई। शहर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पीबीएम अस्पताल परिसर में पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए एक सराहनीय मानवीय पहल की गई है। भामाशाहों के सहयोग और प्रबुद्ध जनों की प्रेरणा से अस्पताल परिसर में लंबे समय से बंद पड़े ट्यूबवेल का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य संपन्न हुआ है, जिससे अब मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।


भामाशाहों ने बढ़ाया मदद का हाथ
महाराजा एमआरआई सेंटर के सामने स्थित इस ट्यूबवेल को फिर से चालू करने में स्वर्गीय सूर्यमल राठी (अक्कासर) परिवार, भामाशाह रामकिशन डागा, रमेश छिम्पा, विनोद मोदी, मनोज बजाज (सिंथ असिस परिवार), हीरालाल गेधर एवं रामधन डागा ने महत्वपूर्ण वित्तीय सहयोग प्रदान किया है। इस पुनीत कार्य के लिए रूपकिशोर व्यास और डॉ. आचार्य ने प्रेरणा पाथेय की भूमिका निभाई।


अस्पताल प्रशासन ने जताया आभार
ट्यूबवेल के लोकार्पण के अवसर पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार और पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में जल सेवा सबसे बड़ी सेवा है। अस्पताल में आने वाले गरीब मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए यह व्यवस्था एक वरदान साबित होगी। अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि लंबे समय से बंद पड़े इस ट्यूबवेल के बहाल होने से अस्पताल परिसर के एक बड़े हिस्से में जल संकट काफी हद तक कम हो जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. आचार्य, शिव मारू, दीपक मोदी सहित कई गणमान्य नागरिक और अस्पताल कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने भामाशाहों द्वारा अस्पताल के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए किए गए इस जनसहयोग की प्रशंसा की।
