

डॉ. कल्याणसिंह शेखावत को मिलेगा ‘शिखर पुरस्कार’


बीकानेर, 13 नवंबर (Thar Express News)। रोटरी क्लब बीकानेर की ओर से राजस्थानी भाषा और साहित्य के संवर्द्धन में जुटे प्रतिष्ठित साहित्यकारों को प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित राज्यस्तरीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। ये पुरस्कार आगामी 14 नवंबर 2026 को प्रदान किए जाएंगे।



रोटरी क्लब अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष का प्रतिष्ठित 51,000/- रुपये का ‘‘कला डूंगर कल्याणी राजस्थानी शिखर पुरस्कार’’ राजस्थानी एवं हिंदी के प्रख्यात साहित्यकार डॉ. कल्याणसिंह शेखावत (जोधपुर) को प्रदान किया जाएगा।
रोटरी क्लब प्रांत 3053 के रोटेरियन एवं राजस्थानी समारोह के संयोजक मनमोहन कल्याणी ने पुरस्कारों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि चयन इस प्रकार है:
खींवराज मुन्नीलाल सोनी राजस्थानी गद्य पुरस्कार (25,000/- रुपये): बालोतरा के लेखक अर्जुनदान चारण के कहानी संग्रह ‘‘जीवण जात्रा-जात्रा जीवण’’ को दिया जाएगा।
ब्रज उर्मि अग्रवाल राजस्थानी पद्य पुरस्कार (15,000/- रुपये): बीकानेर के डॉ. गौरीशंकर प्रजापत की कविता पुस्तक ‘‘भळै भरोसो भोर रो’’ के लिए घोषित हुआ है।
सोमवर्षा राजस्थानी महिला साहित्य पुरस्कार (11,000/- रुपये): जयपुर की प्रेमलता सोनी को प्रदान किया जाएगा।
सुन्दरदेवी-तुलसीदास हर्ष राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार (7,000/- रुपये): उदयपुर की महिला लेखिका हेमलता दाधीच को दिया जाएगा।
अरुण प्रकाश गुप्ता राजस्थानी भाषा प्रेरक पुरस्कार: यह सम्मान पृथ्वीराज रतनू को प्रदान किया जाएगा।
रोटरी क्लब सचिव कुणाल कोचर ने बताया कि आगामी 14 नवंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में प्रांतपाल बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि स्वामी विमर्शानन्दगिरिजी महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विजेताओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

