शताब्दी के बाद होगा श्री दिगम्बर जैन नसियाजी का कायाकल्प, विधि-विधान से हुआ जीर्णोद्धार एवं नव-निर्माण का शिलान्यास

शताब्दी के बाद होगा श्री दिगम्बर जैन नसियाजी का कायाकल्प
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
bothra school , gangashahar

बीकानेर , 09 अप्रैल। पुरानी जेल रोड स्थित दिगम्बर जैन समाज की गहरी आस्था के केंद्र, श्री दिगम्बर जैन नसियाजी के जीर्णोद्धार और नव-निर्माण का ऐतिहासिक कार्य गुरुवार को धार्मिक उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। लगभग 100 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद होने वाले इस पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास विधि-विधान से पूजन, हवन और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न किया गया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

श्री दिगम्बर जैन नसियाजी प्रबंध समिति के मंत्री धनेश जैन ने इस अवसर पर नसियाजी के गौरवशाली इतिहास को साझा किया। उन्होंने बताया कि करीब एक शताब्दी पूर्व लाभूजी कटले के संस्थापक स्वर्गीय श्री अनंत मल और लाभचंद श्रीश्रीमाल ने इस पवित्र कार्य हेतु निःशुल्क भूमि दान की थी। उस समय रूपचंद सरावगी सहित अनेक भामाशाहों के सहयोग से इसका निर्माण हुआ था। आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भगवान महावीर स्वामी की पूजा, पक्षाल और नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के साथ निर्माण कार्य की नींव रखी गई।

pop ronak

मंदिर के भविष्य के स्वरूप के बारे में जानकारी देते हुए समिति ने बताया कि नए परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ धार्मिक मान्यताओं का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत भव्य मुख्य वेदी, सरस्वती हॉल, संत निवास, सभागार, लिफ्ट, जल कुंड और मुख्य द्वार का निर्माण किया जाएगा। एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के रूप में, वर्तमान में प्रथम मंजिल पर स्थित मूलनायक भगवान सुपार्श्वनाथ सहित भगवान आदिनाथ, चंदा प्रभु, शांति नाथ और 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमाओं को भूतल पर नवनिर्मित मंदिर में ससम्मान प्रतिष्ठित किया जाएगा।

प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश जैन ने बताया कि शिलान्यास समारोह को संपन्न कराने के लिए जैन तीर्थ स्थल श्री महावीरजी से विशेष रूप से प्रतिष्ठाचार्य पंडित मुकेश जैन पधारे। उनकी देखरेख में वास्तु पूजन, भूमि पूजन, नवग्रह और दस दिगपाल पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व और वर्तमान भामाशाहों का सम्मान किया गया तथा प्रत्येक सदस्य की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ‘रजत शिलादान’ की योजना भी रखी गई। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्ति भाव के साथ इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनकर पुण्य लाभ अर्जित किया।