श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ किशोर मंडल ने लाडनूं में देश भर के 500 किशोरों के बीच सेवा क्षेत्र में द्वितीय पुरस्कार जीता
श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ किशोर मंडल ने लाडनूं में देश भर के 500 किशोरों के बीच सेवा क्षेत्र में द्वितीय पुरस्कार जीता



श्री डूंगरगढ़ , 5 जून| लाडनूं में आयोजित तेरापंथ किशोर मंडल के 21वें राष्ट्रीय अधिवेशन “GEN Z Conclave” में श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ किशोर मंडल ने अपनी सेवा भावना और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के दम पर अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में देशभर से आए लगभग 500 किशोरों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिसमें श्रीडूंगरगढ़ मंडल ने सेवा क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई।


संयोजक मुदित पुगालिया के नेतृत्व में प्रतिनिधित्व
इस राष्ट्रीय आयोजन में श्रीडूंगरगढ़ से संयोजक मुदित पुगालिया के नेतृत्व में एक सशक्त प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया। टीम में पीयूष पुगालिया, हर्षित गोलछा, वीरेंद्र गिया, ऋषभ झाबक एवं अजय बोथरा शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न सत्रों और प्रतियोगिताओं में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।


वैचारिक मंथन और डिजिटल मार्गदर्शन के सत्र
अधिवेशन के दौरान किशोरों के सर्वांगीण विकास के लिए कई बौद्धिक और रचनात्मक सत्र आयोजित किए गए। मुख्य सत्रों में हर्ष दुगड़ एवं मोहित सैन ने कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग और “My Youth India” विषय पर युवाओं का मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही “Mind Rush” जैसी बौद्धिक और मनोरंजक गतिविधियों ने किशोरों को मानसिक कौशल दिखाने का अवसर दिया। रात्रि सत्रों में आयोजित “भिक्षु अंतरंग” कार्यक्रम में दर्शन चोपड़ा की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही, वहीं “भिक्षु दरबार” की नाट्य प्रस्तुति और शनिवार की सामूहिक सामायिक ने सभी को आत्मिक शांति का अहसास कराया।
इनोवेशंस एक्सपो और खेल गतिविधियाँ
अधिवेशन के दूसरे दिन संस्कार केंद्र, मैराथन, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और “TTF शौर्य” कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान पूज्य गुरुदेव ने स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विभिन्न गतिविधियों एवं स्टॉलों का आत्मीय अवलोकन किया। मुनिश्री द्वारा किशोरों को प्रेरणापाथेय प्रदान किया गया, जबकि अतिथि वक्ता आर्यन सिंह ने युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। रात्रि में आयोजित “Kishore Fiesta एवं Innovations Expo” में देशभर के किशोर मंडलों ने नवाचार, स्टार्टअप, फूड और गेम्स के स्टॉल लगाकर अपनी उद्यमशीलता और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
सेवा क्षेत्र में मिला राष्ट्रीय बहुमान
अधिवेशन के अंतिम और समापन दिवस पर पूज्य गुरुदेव ने किशोरों को जीवन निर्माण के लिए विशेष पाथेय और मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान TKM Blue Brigade की मधुर गीतिका और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर 25 से 75 सदस्यीय किशोर मंडलों के वर्षभर के कार्यों के कड़े मूल्यांकन के बाद, तेरापंथ किशोर मंडल श्रीडूंगरगढ़ को सेवा क्षेत्र में पूरे देश में द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया।
साध्वीश्री की प्रेरणा और परिषद का सहयोग रहा सफलता का आधार
श्रीडूंगरगढ़ मंडल ने इस ऐतिहासिक गौरवमयी उपलब्धि का पूरा श्रेय साध्वीश्री लक्ष्य प्रभाजी की पावन प्रेरणा और निरंतर मार्गदर्शन को दिया है। इसके साथ ही मंडल के पदाधिकारियों ने तेरापंथ युवक परिषद श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विक्रम मालू, मंत्री पीयूष बोथरा, प्रभारी मोहित बोरड़ सहित पूरी परिषद टीम के समय-समय पर मिले सहयोग, कुशल मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को इस राष्ट्रीय सफलता का मुख्य आधार बताया।


