श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में गरबा-डांडिया प्रतियोगिता आयोजित
श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में गरबा-डांडिया प्रतियोगिता आयोजित

विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की छात्राओं ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग


बीकानेर, 17 अक्टूबर। नवरात्र पर्व के उल्लास और सांस्कृतिक उमंग के बीच श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में स्कूल एवं महाविद्यालय स्तर की छात्राओं के लिए गरबा-डांडिया प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बीकानेर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शानदार नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


मीडिया प्रभारी विशाल सोलंकी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना, प्रबंध कार्यकारिणी की महिला सदस्यों श्रीमती कोमल सुखलेचा एवं श्रीमती शिल्पा कोचर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता के स्कूल वर्ग के गरबा मुकाबले में रमेश इंग्लिश स्कूल की नलिनी व्यास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महारानी किशोरी देवी स्कूल की गुनगुन जोशी दूसरे और तनुश्री राजवंशी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, कॉलेज वर्ग की स्पर्धा में श्री जैन गर्ल्स कॉलेज की दिव्या ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा, बिन्नाणी गर्ल्स कॉलेज की लक्षिता द्वितीय और राजकीय डूंगर कॉलेज की सृष्टि भट्टाचार्य तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर की मिथिलेश को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
समारोह के अंत में प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना और प्रबंध समिति की सदस्य डॉ. बबीता जैन ने सभी विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस आयोजन में ग्राफिक डिजाइनर निशा सोनी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ-साथ संकाय सदस्यों ने भी पारंपरिक गीतों पर गरबा-डांडिया का जमकर आनंद लिया। डॉ. राजेंद्र जोशी ने सभी भाग लेने वाली छात्राओं को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

