बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ छात्रों को किया जागरूक
बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ छात्रों को किया जागरूक



- शांति विद्या निकेतन में विधिक साक्षरता कार्यशाला आयोजित
बीकानेर,| 10 अप्रैल। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, बढ़ते साइबर अपराधों और डिजिटल खतरों के प्रति नई पीढ़ी को सतर्क करने के उद्देश्य से शीतला गेट स्थित शांति विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतीक यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग अनिवार्य है, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधियों से सुरक्षित रहना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग, सोशल मीडिया प्राइवेसी और संदिग्ध लिंक्स से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। साथ ही, उन्होंने संदेश दिया कि छोटी सी सतर्कता किसी भी बड़े आर्थिक या मानसिक शोषण से बचा सकती है।


विद्यालयों में लगेगी शिकायत पेटी
न्यायिक मजिस्ट्रेट यादव ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि विद्यार्थियों की निजी समस्याओं और उनके साथ होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के समाधान हेतु विद्यालयों में ‘शिकायत पेटी’ की व्यवस्था की जाएगी। इससे छात्र बिना किसी झिझक के अपनी शिकायतें प्रशासन तक पहुँचा सकेंगे। कार्यशाला में न्यायिक मजिस्ट्रेट दिव्यांश मीणा और असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसिल श्रीनाथ रंगा ने भी साइबर अपराध से जुड़े कानूनी पहलुओं और दंड के प्रावधानों की जानकारी साझा की।
पारंपरिक अंदाज में हुआ अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। विद्यालय के संचालक रमेश कुमार मोदी ने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ यहाँ सांस्कृतिक संस्कारों को भी प्राथमिकता दी जाती है। इसी कड़ी में छात्र कल्पित कुमार दैया ने मुख्य अतिथि का पारंपरिक साफा बाँधकर स्वागत किया, वहीं छात्रा गायत्री सारण और शैली सोलंकी ने तिलक लगाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। करुणा क्लब के प्रभारी सौरभ बजाज द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
