विश्व नवकार दिवस पर 36 मिनट तक गूँजा महामंत्र, हजारों श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण के लिए किया सामूहिक जाप
विश्व नवकार दिवस पर 36 मिनट तक गूँजा महामंत्र, हजारों श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण के लिए किया सामूहिक जाप



बीकानेर , 09 अप्रैल। विश्व नवकार दिवस के पावन अवसर पर गुरुवार को बीकानेर संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘जीतो’ (JITO) बीकानेर इकाई के तत्वावधान में गंगाशहर स्थित तेरापंथ भवन में मुख्य कार्यक्रम मुनिश्री अमृत कुमार जी के सान्निध्य में आयोजित किया गया, जहाँ हजारों श्रावक-श्राविकाओं ने एक साथ, एक स्वर और एक ही लय में 36 मिनट तक महामंगलकारी नवकार महामंत्र का संगीतमय जाप किया।


जीतो बीकानेर के सचिव पुनेश मुसरफ ने बताया कि सुबह 9:01 बजे से 9:36 बजे तक चले इस सामूहिक अनुष्ठान में भाग लेने के लिए लोग बीकानेर के विभिन्न मोहल्लों के साथ-साथ भीनासर, उदयरामसर, नाल, लूणकरनसर और नोखा जैसे क्षेत्रों से निर्धारित गणवेश में पहुंचे थे। कई श्रद्धालुओं ने सामायिक की साधना के साथ जाप किया, वहीं वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और अनुशासित रहा।


नवकार मंत्र से आध्यात्मिक उन्नति और विश्व शांति
समारोह में अतिथि वक्ता के रूप में पधारे देवीकुंड सागर के दाता श्री राजेश्वरानंद महाराज ने मंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि नवकार महामंत्र का जाप न केवल रोगों और दोषों को दूर करता है, बल्कि आत्मिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त करता है। जैन श्वेताम्बर तेरापंथ संघ के अमृत मुनि ने मंत्र का गान करते हुए कहा कि आज यह जाप विश्व के अनेक देशों में एक साथ अहिंसा और सत्य जैसे मानवीय मूल्यों की स्थापना के लिए किया जा रहा है। जीतो बीकानेर के अध्यक्ष जयचंद लाल डागा ने कहा कि नवकार महामंत्र किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि ‘पंच परमेष्ठी’ की आराधना है, जो समस्त पापों का नाश कर जीवन में मंगल का संचार करती है।
महिला एवं युवा विंग की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जीतो की महिला विंग और यूथ विंग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला विंग की चेयरपर्सन ममता रांका के नेतृत्व में श्राविकाओं ने एक समान पोशाक में सामायिक के साथ साधना की। वहीं दर्शन सांड, मुदित खजांची और उनकी टीम ने व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाला। आयोजन में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि और जैन समाज के विभिन्न संघों के गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
