युवक का घर खाली कर प्रेमी संग भागी युवती; ₹2 लाख न देने पर दी रेप केस की धमकी
युवक का घर खाली कर प्रेमी संग भागी युवती; ₹2 लाख न देने पर दी रेप केस की धमकी



लिव-इन पार्टनर का खौफनाक रूप


जयपुर, 8 जून। जयपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की लिव-इन पार्टनर उसके घर का पूरा सामान, सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर रफूचक्कर हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी युवती ने पीड़ित युवक को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 2 लाख रुपये की रंगदारी (डिमांड) मांगी है और जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) लालाराम ने बताया कि जयपुर के रहने वाले एक 40 वर्षीय पीड़ित युवक ने यह रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पीड़ित के अनुसार, पड़ोस में रहने के कारण उसकी मुलाकात आरोपी युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान युवती ने बताया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसने तलाक ले लिया है और अब वह अलग रहती है। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और युवती ने साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद, साल 2024 में दोनों ने ₹100 के स्टांप पेपर पर बकायदा सहमति पत्र बनवाकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हाल ही में वह रोज की तरह सुबह अपनी पार्टनर को घर पर छोड़कर काम पर गया था। इसी दौरान पीछे से शातिर युवती ने एक लोडिंग वाहन मंगवाया और घर में रखा पूरा घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, कीमती कपड़े, सोने-चांदी के आभूषण और अलमारी में रखे ₹30,000 नकद समेट कर फरार हो गई। शाम को जब पीड़ित काम से वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा हुआ और पूरा मकान खाली देख उसके होश उड़ गए।
जब पीड़ित ने अपनी लिव-इन पार्टनर को फोन किया, तो उसने सीधे तौर पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती ने धमकी दी कि अगर उसे तुरंत ₹2 लाख नहीं दिए गए, तो वह थाने जाकर उसके खिलाफ बलात्कार (रेप) का झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगी। साथ ही उसने पीड़ित को जान से मरवाने की धमकी भी दी। पीड़ित ने जब अपने स्तर पर मामले की छानबीन की, तो उसे पता चला कि युवती का किसी दूसरे लड़के के साथ प्रेम प्रसंग (अफेयर) चल रहा था और वह उसी के साथ रहने के लिए यह पूरा सामान और कैश चोरी करके भागी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवती की तलाश और मामले के तकनीकी साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।


