पशुपालकों की मेहनत को मिला सम्मान
पशुपालकों की मेहनत को मिला सम्मान



- उर्मुल संघ बीकानेर ने दूध खरीद दर में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की
बीकानेर , 2 मई। बीकानेर के दुग्ध उत्पादकों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (उर्मुल संघ) ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से दूध की खरीद दर में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि करने का निर्णय लिया है।


1 मई से लागू हुईं नई दरें
उर्मुल संघ का यह महत्वपूर्ण निर्णय 1 मई 2026 से पूरे जिले में प्रभावी हो गया है। इस वृद्धि का सीधा लाभ बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के उन हजारों ग्रामीण दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा, जो सहकारी समितियों के माध्यम से दूध की आपूर्ति करते हैं।


पशुपालकों की आर्थिक चुनौतियों का समाधान
संघ के प्रबंध निदेशक बाबूलाल बिश्नोई ने बताया कि पिछले कुछ समय में पशु आहार (खल, चूरी, चारा) और पशुपालन के अन्य आवश्यक खर्चों में काफी बढ़ोतरी हुई है। लागत बढ़ने के कारण पशुपालक आर्थिक दबाव महसूस कर रहे थे। इस मूल्य वृद्धि से पशुपालकों की शुद्ध आय में इजाफा होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा। दुग्ध उत्पादन की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे राजस्थान की सहकारी समितियों को मजबूती मिलेगी।
भविष्य के लिए प्रतिबद्धता
उर्मुल संघ ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोपरि रखा जाएगा। संघ का लक्ष्य डेयरी व्यवसाय को लाभकारी बनाना है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति में निरंतर सुधार हो सके।
