खुशियों के जश्न से पहले मातम होटल व्यवसायी जयप्रकाश की भीलवाड़ा के पास सड़क हादसे में मौत
खुशियों के जश्न से पहले मातम होटल व्यवसायी जयप्रकाश की भीलवाड़ा के पास सड़क हादसे में मौत



भीलवाड़ा, 1 मई। एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहाँ खुशियों की गूँज मातम में बदल गई। अजमेर के प्रसिद्ध होटल व्यवसायी जयप्रकाश (जसन भाई), जिनका जन्मदिन मनाने के लिए भीलवाड़ा में भव्य तैयारियाँ की गई थीं, गंतव्य से महज 15 किमी पहले काल के गाल में समा गए।


केक और पकवान धरे रह गए, नहीं पहुँचे ‘बर्थडे बॉय’
जयप्रकाश अपने 23 दोस्तों के साथ सांवलिया सेठ और आवरी माता के दर्शन कर अजमेर लौट रहे थे। भीलवाड़ा के पूर्व पार्षद नवीन साबनानी ने उनके लिए एक वाटिका फार्म हाउस पर सरप्राइज पार्टी रखी थी। नवीन के अनुसार, जयप्रकाश की पसंद का खाना बनवाया गया था और केक भी तैयार था। रात 8:30 बजे तक उन्हें पहुँचना था और वे लगातार फोन पर लोकेशन साझा कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।


ट्रेलर में घुसी ट्रैवलर, चीख-पुकार के बीच टूटी सांसें
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी और पूर्व पार्षद रमेश चेलानी ने बताया कि ट्रैवलर में संगीत बज रहा था और सभी दोस्त हंसी-मजाक कर रहे थे। तभी ड्राइवर ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन सामने से दूसरी गाड़ी आने के कारण संतुलन बिगड़ गया और ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में जा घुसी। जयप्रकाश सबसे आगे की सीट पर बैठे थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दुबई तक फैला था कारोबार, जिंदादिली थी पहचान
जयप्रकाश अजमेर के एक सफल व्यवसायी थे। उनके अजमेर में चार होटल हैं और एक होटल दुबई में भी संचालित है। उनके परिवार में दो बेटियाँ हैं। दोस्तों के बीच वे अपनी जिंदादिली और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की खबर से अजमेर और भीलवाड़ा के व्यापारिक व राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।


