बीकानेर में भीषण गर्मी और लू के चलते स्कूलों के समय में बदलाव, अब 11:30 बजे होगी छुट्टी
बीकानेर में भीषण गर्मी और लू के चलते स्कूलों के समय में बदलाव, अब 11:30 बजे होगी छुट्टी




बीकानेर, 25 अप्रैल । राजस्थान में समय से पहले दस्तक दे चुकी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने छोटे बच्चों को राहत दी है। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शनिवार को एक आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया है। अब कक्षा 8वीं तक के बच्चों के लिए स्कूल की छुट्टी दोपहर के बजाय सुबह 11:30 बजे ही हो जाएगी।


मीडिया रिपोर्ट पर प्रशासन ने लिया संज्ञान
बीकानेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने और दोपहर 1 से 2 बजे के बीच छुट्टी होने के कारण मासूम बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को लेकर मीडिया ने प्रमुखता से रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिस पर जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए समय परिवर्तन का निर्णय लिया।


आदेश की मुख्य बातें:
नया समय: प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं अब सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक ही लगेंगी।
प्रभावी अवधि: यह आदेश सोमवार से लागू होगा और ग्रीष्मावकाश शुरू होने (16 मई) तक प्रभावी रहेगा।
स्टाफ का समय: कक्षा 9वीं से 12वीं तक का समय, परीक्षाएं और स्टाफ का समय यथावत रहेगा। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को दोपहर 1:00 बजे तक रुकना होगा।
कड़ी कार्रवाई: सभी संस्था प्रधानों को आदेश की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ते पारे ने बढ़ाई चिंता
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि नन्हे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है। वर्तमान में तापमान 43 डिग्री है, जिसके आने वाले दिनों में 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की आशंका है। अस्पतालों में भी गर्मी जनित बीमारियों से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, हालांकि दो पारियों में चलने वाले स्कूलों के लिए एक साथ प्रबंधन करना बड़ी चुनौती होगी।
