बीकानेर रेल मंडल का 100% विद्युतीकरण पूरा, वाशिंग लाइनें बढ़कर होंगी 18, कोटगेट फाटक समस्या पर मंत्री मेघवाल सख्त
बीकानेर रेलवे डिवीज़न का 100% विद्युतीकरण पूरा हुआ।



बीकानेर, 7 जून। केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) व संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने रविवार को बीकानेर के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में रेलवे और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बीकानेर रेल मंडल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं, बुनियादी ढांचा विस्तार और यात्री सुविधाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन और यात्रियों की सुविधा से जुड़े सभी विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।


बैठक में बीकानेर के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और मंडल की प्रमुख उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया। गोविल ने बताया कि रेल लाइनों के दोहरीकरण (डबलिंग) का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके तहत मनहेरू-भिवानी (13 किमी) और रतनगढ़-चूरू (44 किमी) रेलखंड का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है, जबकि इसी वर्ष 24 जनवरी 2026 को चूरू-दूधवाखारा (29 किमी) रेलखंड का दोहरीकरण कार्य भी पूर्ण कर वहां ट्रेनों का सुचारू संचालन शुरू कर दिया गया है। इन रूटों पर आधुनिक स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली भी लागू कर दी गई है, जिससे रेल यातायात और अधिक सुरक्षित हो गया है।


डीआरएम ने एक और बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि बीकानेर रेल मंडल के सभी 1780 रूट किलोमीटर का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण (इलेक्ट्रिफिकेशन) पूरा हो चुका है। वर्तमान में मंडल की सभी 114 यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों का संचालन पूरी तरह से विद्युत इंजनों के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा, ट्रेनों के रखरखाव और सफाई के लिए वाशिंग लाइनों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। लालगढ़ में तीन नई वाशिंग लाइनों को मंजूरी मिल चुकी है, जिनका निर्माण जल्द शुरू होगा। हनुमानगढ़ में एक वाशिंग लाइन बनकर तैयार है, जबकि सूरतगढ़ में दो, हिसार में दो और भिवानी में एक नई वाशिंग लाइन स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मंडल में वाशिंग लाइनों की संख्या 7 से बढ़कर 18 हो जाएगी, जिससे बीकानेर से नई लंबी दूरी की ट्रेनें शुरू करने का रास्ता साफ होगा।
कोटगेट और सांखला फाटक की समस्या पर गंभीर दिखे मंत्री
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बीकानेर शहर की बरसों पुरानी और गंभीर समस्या यानी कोटगेट व सांखला रेलवे फाटकों की समस्याओं के प्रति बेहद गंभीर नजर आए। उन्होंने इस ट्रैफिक जाम की समस्या पर पीडब्ल्यूडी और रेलवे अधिकारियों के साथ विशेष चर्चा की और दोनों विभागों को आपसी समन्वय बिठाते हुए आमजन को इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए त्वरित और ठोस कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, पीडब्ल्यूडी के एसई विमल गहलोत, सुमन छाजेड़, अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ऋतुराज शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भूपेश यादव, सहायक मंडल संरक्षा आयुक्त कैलाश चन्द्र ढिल्लौर, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर मुकेश यादव सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


