न्यायालय परिसर डाकघर में बढ़ेगी सुविधाओं की रफ्तार, अधिवक्ताओं के लिए शुरू होगा अलग काउंटर
न्यायालय परिसर डाकघर में बढ़ेगी सुविधाओं की रफ्तार, अधिवक्ताओं के लिए शुरू होगा अलग काउंटर


बीकानेर, 30 जनवरी । जिला न्यायालय परिसर स्थित डाकघर में उमड़ने वाली भीड़ और काम के बढ़ते दबाव को देखते हुए बार एसोसिएशन बीकानेर ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने अधीक्षक डाकघर से मुलाकात कर अधिवक्ताओं और आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा।


एसोसिएशन ने अधीक्षक को अवगत कराया कि वर्तमान में डाकघर में केवल एक ही काउंटर संचालित होने के कारण रजिस्ट्री और अन्य डाक कार्यों के लिए भारी भीड़ जमा रहती है। न्यायालय के साथ-साथ अन्य सरकारी विभागों की मौजूदगी से यहां रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि प्रति व्यक्ति सीमित रजिस्ट्री की व्यवस्था के कारण काम भी अटक जाते हैं। वकीलों ने मांग की है कि अधिवक्ताओं के लिए एक पृथक काउंटर आवंटित किया जाए और परिसर में कम से कम दो अतिरिक्त काउंटर बढ़ाकर पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाए।


इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधीक्षक डाकघर रामावतार सोनी ने अधिवक्ताओं को बड़ी राहत की खबर दी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग जल्द ही नए डाकघर परिसर का उद्घाटन करने जा रहा है। इस नए सेटअप में न केवल अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी, बल्कि अधिवक्ताओं के लिए एक विशेष पृथक काउंटर और एक नया बुकिंग काउंटर भी शुरू होगा। शिष्टमंडल में उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र वर्मा, सचिव हेमन्त सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस आश्वासन का स्वागत किया है।
