

बीकानेर, 27 नवम्बर । श्री जैन पीजी महाविद्यालय में चल रहे तीन दिवसीय सांस्कृतिक सप्ताह के दूसरे दिन एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में वन मिनट शो, मेहंदी और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जहां वन मिनट शो में प्रतिभागियों ने एक मिनट में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने हाथों पर आकर्षक व सुंदर मेहंदी के डिजाइन बनाकर सभी को प्रभावित किया, जबकि म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह दिखा और पूरे परिसर में हंसी-खुशी का माहौल बना रहा।


प्रतियोगिताओं के परिणामों में वन मिनट शो में करिश्मा कुमावत ने प्रथम और कैलाश थालोड़ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर पुरुष वर्ग में कैलाश थालोड़ प्रथम व माधव द्वितीय रहे, जबकि महिला वर्ग में करिश्मा कुमावत पहले और तनिषा दैया दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता में टीना सामसुखा ने प्रथम और मीनू रूहेला ने द्वितीय स्थान हासिल किया।



इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. रफी अहमद और डॉ. कृष्ण कुमार खत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आपसी समन्वय को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती राधिका नाहटा, श्रीमती तनुश्री गौड़ और सुश्री तारिणी व्यास ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

