गंगाशहर में ‘आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर’ का भव्य शुभारंभ

गंगाशहर में 'आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर' का भव्य शुभारंभ
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025

बीकानेर/गंगाशहर, 8 फरवरी। गंगाशहर के शैक्षणिक और सामाजिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF), बीकानेर द्वारा चोरडिया चौक स्थित परिसर में ‘आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर’ (AMKC) का भव्य उद्घाटन अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस केंद्र का लोकार्पण समाजसेवी गणेश बोथरा एवं महावीर रांका द्वारा किया गया। यह केंद्र क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रोफेशनल कोर्सेज के लिए स्थानीय स्तर पर विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

समारोह को पावन सान्निध्य प्रदान करते हुए मुनिश्री अमृत कुमार जी ने ज्ञान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “ज्ञान ही सबसे बड़ी शक्ति है। आचार्य महाप्रज्ञ जी का स्वप्न था कि आध्यात्मिकता और आधुनिक शिक्षा का समन्वय हो। यह केंद्र युवाओं में नेतृत्व क्षमता और संस्कारों का निर्माण कर राष्ट्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।” मुनिश्री ने टीपीएफ द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों को समाज के लिए एक नई किरण बताया।

pop ronak

बीकानेर बनेगा प्रतियोगी परीक्षाओं का हब
टीपीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिम्मत मांडोत ने केंद्र की भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए कहा कि देशभर में 11,000 से अधिक प्रोफेशनल्स इस फोरम से जुड़े हैं। गंगाशहर का यह सेंटर केवल एक कोचिंग संस्थान नहीं, बल्कि भविष्य में IAS-IPS और CA जैसी बड़ी परीक्षाओं के लिए एक ‘वर्ल्ड क्लास सेंटर’ के रूप में उभरेगा। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने भी जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र बीकानेर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

सीए सोहनलाल बैद ने स्थानीय सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि अब विद्यार्थियों को जयपुर या अहमदाबाद जाकर लाखों खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह केंद्र उन्हें घर के पास ही श्रेष्ठ शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा।

दानदाताओं का सम्मान और गौरवमयी उपस्थिति
समारोह के दौरान समाज के उन भामाशाहों का सम्मान किया गया जिनके सहयोग से यह केंद्र साकार हुआ है।
महादानी स्व. मुलचंद जी समसुखा परिवार (भूमि प्रदाता), अति विशिष्ट सहयोगी बिमल चोपड़ा परिवार , मगनमल, छगनलाल, डॉ. रतन एवं प्रीतम रांका परिवार का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र डागा एवं कुलदीप छाजेड़ ने किया, जबकि टीपीएफ बीकानेर अध्यक्ष रतन छलाणी ने सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश कठोतिया, महामंत्री मनीष कोठारी सहित हैदराबाद, सूरत और अन्य शहरों से आए टीपीएफ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जैन संस्कार विधि से केंद्र का उद्घाटन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं और प्रबुद्ध नागरिक साक्षी बने।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *