फिल्मी अंदाज में युवक का अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगकर 2 लाख वसूले
फिल्मी अंदाज में युवक का अपहरण


बीकानेर/लूणकरणसर, 10 फ़रवरी। बीकानेर के लूणकरणसर कस्बे में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि सोमवार शाम घर के बाहर से एक युवक का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने युवक की जान बख्शने के बदले 10 लाख रुपए की भारी-भरकम फिरौती मांगी। घंटों चले इस घटनाक्रम के बाद, दो लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर होने पर बदमाशों ने युवक को करीब 20 किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


घटना वार्ड संख्या 37 की है, जहाँ पीड़ित सुरेन्द्र पीरतानी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि सोमवार शाम एक कैम्पर गाड़ी में सवार होकर बदमाश उसके घर के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने पहले उसे फोन कर बाहर बुलाया और जैसे ही वह गेट पर आया, उसे जबरन गाड़ी में पटक लिया। बदमाशों ने तुरंत उसका मोबाइल छीनकर स्विच ऑफ कर दिया और गाड़ी के भीतर मारपीट शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में भी युवक का घर से बाहर निकलना और कैम्पर गाड़ी का वहां पहुंचना कैद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।


होटल पर बुलाया, फिर ऑनलाइन करवाए ट्रांसफर
रिपोर्ट के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने शुरुआत में 10 लाख रुपए की मांग की थी। जब सुरेन्द्र ने इतनी बड़ी रकम होने से इनकार किया, तो आरोपियों ने सौदा 2 लाख रुपए पर तय किया। बदमाशों ने सुरेन्द्र के भाई को फोन कर फिरौती की रकम ‘माली होटल’ पर लाने को कहा, लेकिन जब भाई वहां पहुंचा तो वहां कोई भी पैसे लेने नहीं आया।
शातिर बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से योजना बदली और फिरौती की रकम सत्यनारायण गोदारा नामक व्यक्ति के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवाई। जैसे ही खाते में 2 लाख रुपए जमा होने का कन्फर्मेशन मिला, आरोपियों ने सुरेन्द्र को हरियासर गांव के पास ले जाकर सड़क किनारे पटक दिया और वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस जांच और नामजद आरोपी
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर योगेश सिहाग, तेजाराम जाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण, मारपीट और वसूली की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उन बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। साथ ही, आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। कस्बे में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है।
