

बीकानेर, 13 नवंबर (Thar Express News)। साधुमार्गी जैन संघ के आचार्य प्रवर राम लालजी म.सा., उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि व चारित्र आत्माओं के सानिध्य में शनिवार (ज्ञान पंचमी) को रतलाम की मुमुक्षु सुश्री प्रियल कोठारी की भगवती दीक्षा छबीली घाटी के सेवा सदन में प्रातः सवा आठ बजे होगी। दीक्षा से पूर्व शुक्रवार को भव्य महाभिनिष्क्रमण (संयम अनुमोदना) यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया।


रोमांचक माहौल में निकली संयम अनुमोदना यात्रा
साधुमार्गी सेवा समिति के मीडिया प्रभारी अमित गोलछा ने बताया कि रांगड़ी चौक से रवाना होकर यह यात्रा डागा, सेठिया पारख चौक, कोचरों का चौक, बेगानियों का चौक, बागड़ी मोहल्ला और गुजरों मोहल्ला होते हुए छबीली घाटी के सेवा सदन पहुंची। यात्रा के दौरान मुमुक्षु प्रियल कोठारी एक विंटेज/ओपेन कार में परिजनों के साथ सवार होकर हाथ जोड़कर सबका आशीर्वाद ले रही थीं। इस दौरान कन्या मंडल, महिला मंडल, बहु मंडल और समता युवा संघ के सदस्यों ने संयम के गीत गाए और जयकारे लगाए। वरिष्ठ श्रावक सुशील बैद व समिति अध्यक्ष कन्हैयालाल बैद ने शंख ध्वनि कर मंगल कामना की।



अतिथियों ने किया अभिनंदन और ओघा बंधाई रस्म
छबीली घाटी स्थित सेवा सदन में अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र गांधी, पूर्व अध्यक्ष जयचंद लाल डागा, मंत्री सुरेश बच्छावत, सुरेन्द्र दस्साणी, कन्हैयालाल बैद, राजेन्द्र गोलछा, महेश नाहटा, सुशील बैद और सुशील बच्छावत आदि ने मुमुक्षु प्रियल कोठारी, उनके पिता शीतल कुमार कोठारी, माता प्रियंका कोठारी, नाना वीरेन्द्र संकलेचा तथा नानी पुष्पा का अभिनंदन पत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
गंगाशहर मार्ग के आदिनाथ भवन में आयोजित ‘ओघा बंधाई’ रस्म के दौरान मुमुक्षु के परिजनों ने पांच महाव्रत धारण करने की सामग्री वस्त्र व ओघा प्रदान किए। इस भावुक और गर्वित क्षण में 19 वर्षीय मुमुक्षु प्रियल ने उपस्थितजनों को मंगल पाठ सुनाया। इस दीक्षा के बाद हुक्म संघ के आचार्य राम लालजी के सान्निध्य में संघ में कुल संत-सतियाजी की संख्या बढ़कर 552 (456 सतियां और 96 संत) हो जाएगी। दीक्षा महोत्सव में शामिल होने के लिए रतलाम और जलगांव सहित देश के विभिन्न स्थानों से अनेक श्रावक-श्राविकाएं बीकानेर पहुंचे हैं।

