विधायक कोटे की सड़कों पर रोक हटाने की मांग
विधायक कोटे की सड़कों पर रोक हटाने की मांग


- भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला परिषद सीईओ को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर, 13 मार्च । गंगाशहर क्षेत्र में विकास कार्यों और लंबित सड़क परियोजनाओं को गति देने के लिए शुक्रवार को भाजपा गंगाशहर मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहनलाल से मिला। विशेष आमंत्रित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोहन सुराणा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और स्वीकृत कार्यों पर लगी रोक को हटाने की पुरजोर मांग की।


50 लाख की सड़क परियोजनाओं पर ‘ब्रेक’ का मुद्दा
प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ को अवगत कराया कि बीकानेर पूर्व क्षेत्र की विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी के कोटे से गंगाशहर क्षेत्र के लिए 50 लाख रुपये की सड़कें स्वीकृत की गई थीं। इनमें से कुछ सड़कों के निर्माण पर जिला परिषद द्वारा रोक लगा दी गई है। मोहन सुराणा ने निवेदन किया कि गंगाशहर का एक बड़ा हिस्सा वर्तमान में सड़कों के अभाव में विकास से वंचित है। इन सड़कों का पीडब्ल्यूडी (PWD) के माध्यम से पुन: निरीक्षण (Re-inspection) करवाया जाए। तकनीकी जांच के बाद इन सड़कों को पुन: स्वीकृत करने की अभिशंषा जारी की जाए।


उदयरामसर और ग्रामीण क्षेत्रों के लंबित कार्य
बैठक के दौरान पूर्व विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाके उदयरामसर की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विधायक और सांसद कोटे से स्वीकृत कई महत्वपूर्ण कार्य अभी भी लंबित पड़े हैं। उन्होंने मांग की कि श्मशान भूमि की चारदीवारी और अन्य सामुदायिक निर्माण कार्यों को जल्द प्रशासनिक स्वीकृति दी जाए। सड़कों के पेंडिंग प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस अवसर पर सीईओ सोहनलाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और नियमानुसार उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में गंगाशहर मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेघवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष जेठमल नाहाटा, मंडल महामंत्री गोविंद सारस्वत और जसकरण मारू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
