

- मनोरथ दर्शन, भव्य शोभायात्रा और फूलों की होली के होंगे आयोजन
बीकानेर, 1 नवंबर । बीकानेर शहर के दम्माणी चौक स्थित श्री मदन मोहन मंदिर में ‘श्री मदन मोहन लाल प्यारे सेवा’ के तत्वावधान में दो दिवसीय 170वां हर्षानंद महोत्सव आगामी 14 और 15 नवंबर को अत्यंत धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। स्व. कन्हैयालाल जी दम्माणी परिवार द्वारा आयोजित इस आलौकिक महोत्सव में विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या, मनोरथ दर्शन, भव्य शोभायात्रा और फूलों की होली सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम होंगे।


मदन मोहन लाल प्यारे सेवा परिवार के सदस्य राजेश दम्माणी ने बताया कि इस महोत्सव में शामिल होने के लिए बीकानेर के अलावा देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रवासी बंधु और श्रद्धालु शहर पहुंचेंगे।



दो दिवसीय महोत्सव के कार्यक्रम
14 नवंबर (शनिवार): महोत्सव का शुभारंभ सुबह 11 बजे दम्माणी चौक स्थित मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और मनोरथ दर्शन से होगा। इसके बाद शाम 6 बजे लक्ष्मी हेरिटेज में भजन संध्या एवं मनोरथ दर्शन आयोजित किए जाएंगे, जिसमें कोलकाता की प्रसिद्ध भजन मंडली ‘ध्वनि ग्रुप – द वॉयस ऑफ मोक्ष’ अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां देगी।
15 नवंबर (रविवार): सुबह 7:30 बजे श्री गणेशम रिसोर्ट से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके दौरान भगवान श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के संग फूलों की होली खेली जाएगी। तत्पश्चात सुबह 10:30 बजे न्यू आर.के. ग्रुप की ओर से ‘हरे कृष्ण वेलनेस कार्निवल’ और दिव्य मनोरथ दर्शन का आयोजन होगा। शाम 6 बजे पूगल रोड स्थित माखन भोग उत्सव कुंज में ‘श्री सखी ग्रुप’ (बीकानेर) के कलाकारों द्वारा भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
दम्माणी परिवार की पांचवीं पीढ़ी निभा रही 170 वर्षों की परंपरा
राजेश दम्माणी ने बताया कि दम्माणी परिवार विगत 170 वर्षों से इस सेवा परंपरा का निरंतर निर्वहन कर रहा है और वर्तमान में परिवार की पांचवीं पीढ़ी इसे आगे बढ़ा रही है। इससे पूर्व 150वीं वर्षगांठ बीकानेर में, 155वीं कोलकाता-गंगासागर, 160वीं कोलकाता-जगन्नाथ पुरी और 165वीं वर्षगांठ कोलकाता-चंपारण (रायपुर) में मनाई गई थी। अब 170वां मुख्य आयोजन पुनः धर्मनगरी बीकानेर में आयोजित हो रहा है। उन्होंने बताया कि दम्माणी चौक स्थित मंदिर में वर्षभर दीपावली, फाग उत्सव, नंदोत्सव और अन्नकूट सहित लगभग 35 बड़े धार्मिक उत्सव आयोजित किए जाते हैं।

