वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पर 15 दंपतियों का स्वर्णिम सम्मान
वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पर 15 दंपतियों का स्वर्णिम सम्मान


- कल्याण फाउंडेशन ने अग्रजों के अनुभव को किया नमन
बीकानेर, 23 मार्च 2026 (सोमवार)। अपने अग्रजों का सम्मान करना हमारी संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। जो समाज अपने बुजुर्गों का आदर करता है, वह विकास की राह पर हमेशा अग्रणी रहता है।” ये उद्गार कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया की निदेशक कामिनी विमल भोजक मैया ने व्यक्त किए। अवसर था संस्था द्वारा आयोजित ‘स्वर्णिम सम्मान’ समारोह का, जहाँ वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष या उससे अधिक का समय सफलतापूर्वक पूर्ण कर चुके 15 दंपतियों को सम्मानित किया गया।


जीवन की पाठशाला हैं ये अनुभव: अतिथि
श्यामोजी वंशज सभागार में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध जनों ने शिरकत की। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में बुजुर्गों के महत्व को रेखांकित किया।
वरिष्ठ समाजसेवी आर.के. शर्मा ने कहा कि इन दंपतियों ने जिस तरह कठिन परिस्थितियों में पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन किया, वह अपने आप में जीवन की एक पाठशाला है। प्रमुख व्यवसायी बजरंग लाल सेवग ने इन जोड़ियों को ‘कर्णधार’ बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में सुखी परिवार चलाना इनसे सीखा जा सकता है। प्रांतीय महासचिव राजेश शर्मा और वरिष्ठ महिला नेत्री दुर्गा देवी ने आधुनिक जीवनशैली के बीच ऐसे आयोजनों को भविष्य की पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।


इन दंपतियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 15 भाग्यशाली दंपतियों को उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल थे:
रतनलाल-शारदा देवी, शिवशंकर-विमला देवी, दुर्गादत्त-सरला देवी, सत्यदेव-सरोज देवी, प्रहलाद दास-ममोल देवी, सरदारमल-सुशीला देवी, मनोहर लाल-कमला देवी, गंगादास-सुशीला देवी, बनवारीलाल पांडे-संपत देवी, माणकलाल-कृष्णा देवी, रामेश्वर लाल-रामा देवी, मदनगोपाल-विमला देवी और बद्रीदास-निर्मला देवी।
इतिहास में दर्ज होगा यह पल
कार्यक्रम का संचालन करते हुए नितिन वत्सस ने बताया कि बीकानेर के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला और यादगार आयोजन है, जो रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है। अंत में शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ के दयाशंकर शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर एडवोकेट उमाशंकर शर्मा, पवन सेवक, विनोद कुमार शर्मा, जितेंद्र भोजक और बड़ी संख्या में महिला शक्ति सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
