बीकानेर के सरकारी समाचार

बीकानेर के सरकारी समाचार
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
bothra school , gangashahar

पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में नवीनीकृत आर्थो बायोलॉजिक क्लिनिक, रैम्प एवं लिफ्ट का मंगलवार को होगा लोकार्पण

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

बीकानेर, 13 अप्रैल।पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में घुटना उपचार हेतु नवीनीकृत आर्थो बायोलॉजिक रिजनरेटिव कंस्ट्रेट क्लिनिक, रैम्प एवं लिफ्ट का लोकार्पण मंगलवार प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर भामाशाहों का सम्मान भी किया जाएगा।
ट्रॉमा सेंटर निदेशक एवं क्लिनिक के मुख्य प्रभारी डॉ. बी.एल. खजोटिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त बीकानेर श्री विश्राम मीणा होंगे। कार्यक्रम में भामाशाह श्री मघाराम कुलरिया (सिलवास, नोखा), भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक श्री अरविंद भट्ट, एस.पी. मेडिकल कॉलेज की अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य तथा पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. धीया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
डॉ. खजोटिया ने बताया कि बीआरसी क्लिनिक में स्थापित मशीनें राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से प्राप्त रिसर्च ग्रांट तथा नोखा के भामाशाह कुलरिया परिवार एवं भारतीय स्टेट बैंक के सीएसआर फंड से उपलब्ध करवाई गई हैं।
क्लिनिक प्रभारी डॉ. अजय कपूर ने बताया कि जीएफसी (GFC) पद्धति के माध्यम से आर्थराइटिस के प्रारंभिक चरण में बिना ऑपरेशन के उपचार काफी प्रभावी सिद्ध हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान मरीजों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से क्लिनिक की कार्यप्रणाली का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाएगा।उन्होंने बताया कि यह क्लिनिक प्रत्येक मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर के कक्ष संख्या 26 में संचालित किया जा रहा है।
=======
महात्मा ज्योतिबा फूले और बाबा साहेब के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक, दोनों महापुरूषों को एक साथ याद करना अच्छी पहलः केन्द्रीय मंत्री मेघवाल

pop ronak

भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा ज्योतिबा फूले और बाबा साहेब की जयंती पर विशाल जनसभा आयोजित

केन्द्रीय मंत्री ने नशा मुक्ति अभियान के टी-शर्ट और सशक्त नारी, सशक्त भारत अभियान के बैनर का किया विमोचन

बीकानेर, 13 अप्रैल। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री  अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले तथा बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक समरसता के प्रतीक, नारी शिक्षा के अग्रदूत तथा समता एवं समानता की अलख जगाने वाले ऐसे महापुरूष थे, जिनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा दोनों महापुरूषों की जयंती एक साथ मनाकर नई शुरूआत की गई है।
केन्द्रीय मंत्री  मेघवाल ने सोमवार को राजकीय पाॅलिटेक्निक काॅलेज मैदान में भारत रत्न बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं तथा महात्मा ज्येतिबा फूले की 199वीं जयंती के अवसर पर भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
केन्द्रीय मंत्री  मेघवाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले का निधन 28 नवंबर 1890 को हुआ तथा बाबा साहेब 14 अप्रैल 1891 को इस दुनिया में आए। उन्होंने ज्योतिबा फूले के विचारों को आगे बढ़ाया तथा समाज में नई चेतना पैदा की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का बनाया संविधान आज हमें एक सूत्र में बांधता है। दोनों महापुरूषों के सिद्धांतों का आज भी हमारे जीवन में प्रभाव है। उन्होंने कहा कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट ने नई शुरूआत कर समाज के समक्ष एक मिसाल रखी है।
मेघवाल ने कहा कि आने वाले समय में महात्मा ज्योतिबा फूले के विचारों को लेकर देशभर में कार्यक्रम होंगे। बीकानेर में इनकी शुरूआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में अनेक धर्म, जातियां और वर्ग हैं। सभी में आपसी समरसता हो, यही दोनों महापुरूषों का ध्येय था। केन्द्रीय मंत्री ने परिवार को भारतीय समाज का महत्वपूर्ण अंग बताया और कहा कि परिवार आगे बढ़ेगा तो समाज और देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि महिलाओं को अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। इसे ध्यान रखते हुए केन्द्र सरकार ने महिला उत्थान के क्षेत्र में अनेक कार्य किए गए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम इनमें सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संसद का नया भवन आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री की पहल पर इस भवन में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के रूप में पहला बिल पास हुआ। यह लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के सपने को साकार करेगा।
मेघवाल ने कहा कि इस बिल को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। यह केन्द्र सरकार की महिलाओं को आगे बढ़ाने के संकल्प का द्योतक है। उन्होंने कहा कि यह बिल वर्ष 1996 में पूर्व प्र्रधानमंत्री श्री एचडी दैवेगोड़ा के समय से लंबित था, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प की बदौलत पास करवाया जा सका है। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने ‘सशक्त नारी, सशक्त भारत’ अभियान का बैनर तथा नशा मुक्ति अभियान के टीशर्ट का विमोचन किया।
खाजूवाला विधायक डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि बाबा साहेब को सदियों तक ‘सिंबल आॅफ नाॅलेज’ के रूप में याद रखा जाएगा। उन्होंने देश को दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान देने के साथ आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्रीडूंगरगढ़ विधायक  ताराचंद सारस्वत ने कहा कि दोनों विभूतियों ने अत्यंत प्रतिकूल समय में देश को दिशा दिखाई। दोनों दूरदृष्टा थे तथा देश में समानता के भाव पैदा करने के पक्षधर थे।
श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष  रामगोपाल सुथार ने कहा कि दोनों महापुरूषों के जीवन में अनेक समानताएं थी। दोनों ने मानव धर्म को सबसे बड़ा धर्म माना और देश को आगे बढ़ाने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। श्रीमती सुमन छाजेड़ ने कहा कि समाज को महात्मा ज्योतिबा फूले और बाबा साहेब जैसे महापुरूषों के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए। उनके दिखाए आदर्शों का अनुसरण करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम संयोजक श्री रवि शेखर मेघवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरूषों ने देश को नई दिशा और दशा दी। बाबा साहेब ने जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना किया लेकिन इनसे घबराए बिना लगातार आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने अपनी पत्नी सावित्री बाई फूल को पहली महिला शिक्षिका बनाकर समाज के समक्ष एक मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी तक ऐसे महापुरूषों के व्यक्तित्व-कृतित्व की जानकारी पहुंचे, इसके मद्देनजर यह पहल की गई है।
पूर्व महापौर श्रीमती सुशीला कंवर राजपुरोहित ने कहा कि दोनों महापुरूष, समाज को और अधिक बेहतर दिशा में ले जाना चाहते थे। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इससे महिलाओं को भी राजनीति के क्षेत्र में और अधिक अवसर मिलेंगे। राजस्थान प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी तथा भावना मेघवाल ट्रस्ट की पदाधिकारी श्रीमती सुशीला वर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने ट्रस्ट की गतिविधियों के बारे में बताया तथा दोनों महापुरूषों के जीवन से जुड़े प्रसंग साझा किए।
इस दौरान हाल ही में सिविल सेवा परीक्षा में चयनित हुई नमिता सोनी का अभिनंदन किया गया। केन्द्रीय मंत्री ने शाॅल ओढ़ाकर और साफा पहनाकर नमिता सोनी को आशीर्वाद दिया। सोनी ने भी विचार व्यक्त किए और यहां तक पहुंचने में श्री मेघवाल के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। इससे पहले श्री मेघवाल ने महात्मा ज्योतिबा फूले और बाबा साहेब के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। आयोजकों की ओर से केन्द्रीय मंत्री और श्री रवि शेखर मेघवाल का अभिनंदन किया गया। संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती शिमला बावरी, डाॅ. सत्यप्रकाश आचार्य, श्री श्याम सुंदर पंचारिया, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष श्री महावीर रांका, श्री चंपालाल गेदर, श्री मोहन सुराणा, पूर्व प्रधान श्री कन्हैया लाल सियाग, पूर्व उप महापौर श्री राजेन्द्र पंवार, श्री मुमताज अली भाटी, श्री दिलीप पुरी, श्री श्याम सिंह हाडला, श्री विनोद गिरि गुसाई, श्री रामेश्वर पारीक, श्री विक्रम सिंह राजपुरोहित सहित अनेक विशिष्टजन अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में अशोक प्रजापत, छैलू सिंह शेखावत, किशन गोदारा, महावीर रोड़ा, मनीराम चालिया, राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित, सिद्धि बारूपाल, सम्पत पारीक, राजाराम गोडू, पप्पूराम पंवार, ओम बाना, मोतीलाल पड़िहार, ललित राठौड़ सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने भागीदारी निभाई।
========
फ्लैगशिप योजनाओं पर संबंधित अधिकारी और ज्यादा मेहनत करें- श्री निशांत जैन, जिला कलेक्टर
राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को लेकर जिला कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
बिजली विभाग की कुसुम योजना घटक-ए में बीकानेर जिला पूरे राज्य में नंबर वन पर
लाडो, स्वच्छ भारत मिशन,स्वामित्व इत्यादि योजना में जिले की खराब रैंकिंग पर जताई नाराजगी

बीकानेर, 13 अप्रैल। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने कहा कि जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं पर और ज्यादा ध्यान दें व मेहनत करें। उन्होंने कहा कि वैसे तो सभी विभागीय योजनाओं पर मेहनत करें लेकिन फ्लैगशिप योजनाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
फ्लैगशिप योजनाओं में सुधारें जिले की रैंकिंग
श्री जैन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य सरकार की सभी 25 फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि फ्लैगशिप योजनाओं से संबंधित अधिकारीगण जिले की रैंकिंग खुद देखें और उसमें सुधार करने को लेकर आवश्यक कदम तत्काल उठाएं ताकि आमजन को भी इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। किसी भी स्तर पर फाइल को लटकाए ना रखें.
लाडो योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, स्वामित्व योजना में रैंकिंग सुधार के निर्देश
जिला कलेक्टर ने लाडो योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, स्वामित्व योजना, अटल ज्ञान केन्द्र, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में जिले की रैंकिंग खराब होने पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से इन योजनाओं को देखने व इनमें सुधार के सख्त निर्देश दिए।
कुसुम योजना घटक-ए में बीकानेर जिला पूरे राज्य में नंबर वन पर
बिजली विभाग के एसई श्री राजेन्द्र कुमार ने बताया कि कुसुम योजना घटक -ए में बीकानेर जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। जिले में किसानों को खुद के खेत पर 0.5 से 2 मेगावाट के सोलर प्लांट लगाने हेतु 285 के लक्ष्य के विरूद्ध 92 प्लांट चालू कर 138.5 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। जिले की रैंकिंग पूरे राज्य में प्रथम होने पर जिला कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की।
नए परिवारों को एनएफएसए पोर्टल पर जोड़ने हेतु आवेदनों का एसडीएम करें जल्द निस्तारण
रसद विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने नवीन परिवारों को एनएफएसए पोर्टल पर जोड़ने को लेकर उपखंड अधिकारियों के पास पेंडिंग ऑनलाइन आवेदनों का निस्तारण जल्द करने के निर्देश दिए। रसद अधिकारी श्री नरेश शर्मा ने बताया कि जिले में 75 हजार परिवारों को ई केवाईसी नहीं करवाने पर एनएफएसए से डिलीट किया गया है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना में अच्छे प्रपोजल दें
जिला कलेक्टर ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना में सभी अधिकारियों खासकर एसडीएम, बीडीओ, ईओ को अच्छे प्रपोजल भिजवाने हेतु कहा। विदित है कि इस योजना में जिले का बजट 30 करोड़ है। इसकी आधी राशि सहभागिता योजना के अंतर्गत खर्च की जाती है। इसमें आधी राशि जनसहयोग से और आधी राशि इस राशि से खर्च की जाती है।
जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की प्रवेशोत्सव कार्यक्रम अंतर्गत बच्चों को यूनिफॉर्म/बैग शत प्रतिशत बांटने को लेकर सभी सीबीईओ को बच्चों का शत प्रतिशत जनाधार बनवाने, स्वच्छ भारत मिशन शहरी अंतर्गत प्लास्टिक बना रही फैक्ट्री पर सीजर की कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री सिद्धार्थ पालानिचामी ,सीईओ जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडेय, एडीएम सिटी श्री रमेश देव, आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा समेत सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

किसी भी विभाग में परिवाद 15 दिन से ऊपर लंबित ना रहे- श्री निशांत जैन, जिला कलेक्टर
”परिवाद का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर संबंधित व्यक्ति से बात भी करें”
”राज्य स्तर पर संपर्क पोर्टल की हो रही उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग”
”जिले का परिवाद निस्तारण समय 14 दिन से भी कम हो”
जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल को लेकर की समीक्षा बैठक

बीकानेर, 13 अप्रैल। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने कहा कि किसी भी विभाग में परिवाद 15 दिन से ऊपर लंबित ना रहे। साथ ही कहा कि परिवाद का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण (क्वालिटी डिस्पोजल) कर संबंधित व्यक्ति से बात भी करें। अगर किसी विभाग के पास गलत परिवाद आ जाए तो तत्काल संबंधित विभाग को ट्रासंफर करें। इसमें कोताही ना बरतें। श्री जैन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक ले रहे थे।

राज्य स्तर पर संपर्क पोर्टल की हो रही उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग
जिला कलेक्टर ने कहा कि संपर्क पोर्टल की मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर खुद मुख्यमंत्री व उच्च स्तरीय अधिकारियों के द्वारा की जा रही है। लिहाजा इसमें किसी प्रकार की कोताही ना बरतें और परिवाद निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता ( टॉप प्रायोरिटी) में रखें।

राज्य का औसत डिस्पोजल समय 14 दिन, जबकि जिले में कई विभागों का बहुत ज्यादा
जिला कलेक्टर ने कहा कि परिवाद के निस्तारण का राज्य का औसत समय 14 दिन है। जबकि जिले में रीको व वन विभाग का 37 दिन,कृषि विपणन का 36 दिन, गोपालन व संस्कृत विभाग का 34 दिन, फूड सेफ्टी का 33 दिन, खेल विभाग का 30 दिन, बीडीए व आरएसआरडीसी का 25 दिन, आईजीएनपी का 24 दिन है। जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को परिवाद का समय पर निस्तारण के निर्देश दिए।

जिले का परिवाद निस्तारण समय 14 दिन से भी कम हो
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिले का डिस्पोजल समय 14 दिन से भी कम होना चाहिए। इसको लेकर सभी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी संपर्क पोर्टल को खुद देंखे और नियमित रूप से परिवादों का निस्तारण करते रहें। विदित है कि जिले का डिस्पोजल समय 16 दिन चल रहा है।

परिवादों का करें नियमित निस्तारण
जिला कलेक्टर ने बताया कि पीएचईडी में सर्वाधिक 219, जोधपुर डिस्कॉम में 192, राजस्व विभाग में 185 परिवाद पेंडिंग हैं। जिला कलेक्टर ने कहा कि सीधे पब्लिक से जुड़े कुछ विभागों में परिवादों की संख्या ज्यादा हो सकती है लेकिन संंबंधित विभाग परिवादों का नियमित निस्तारण करता रहे।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री सिद्धार्थ पालानिचामी ,सीईओ जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडेय, आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा समेत सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

================

रोजगार पोर्टल ईईएमएस 16 अप्रैल से बंद, विभाग ने जारी किए निर्देश

बीकानेर,13 अप्रैल। रोजगार सेवा निदेशालय, जयपुर के आदेशानुसार विभाग का ईईएमएस पोर्टल प्रशासनिक एवं तकनीकी कारणों से 16 अप्रैल से आगामी आदेशों तक बंद किया जा रहा है। पोर्टल के बंद होने के चलते अब मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत इंटर्नशिप कर रहे अभ्यर्थियों के पास जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के लिए मात्र कुछ ही दिन शेष बचे हैं।

सात अप्रैल को अप्रूव हुए आवेदकों के लिए विशेष निर्देश

संभागीय रोजगार विभाग के प्रशासनिक अधिकारी विजय कुमार व्यास ने बताया कि जिन आशार्थियों के नए आवेदन 7 अप्रैल को स्वीकृत हुए हैं, कार्यालय द्वारा उन सभी को इंटर्नशिप के लिए सरकारी विभाग आवंटित किए गए हैं। ऐसे सभी अभ्यर्थी तुरंत अपने आवंटित विभाग में कार्यभार ग्रहण कर, 15 अप्रैल तक अपनी ‘जॉइनिंग रिपोर्ट’ अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते रिपोर्ट अपलोड नहीं की गई, तो उनका बेरोजगारी भत्ता आवेदन स्थायी रूप से बंद हो सकता है।

मार्च की उपस्थिति समय पर करें अपलोड, वरना नहीं मिलेगा भत्ता

प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि योजनांतर्गत अभ्यर्थी मार्च माह की उपस्थिति 16 अप्रैल से पहले दर्ज करना सुनिश्चित करें, अन्यथा मार्च माह का भत्ता भुगतान संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि पोर्टल के बंद रहने की अवधि के दौरान नए आवेदन और इंटर्नशिप उपस्थिति जैसे सभी ऑनलाइन कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे।
मुख्यमंत्री युवा संबल योजनांतर्गत अभ्यर्थी जल्द करें ये काम
योजनांतर्गत 7 अप्रैल को नई ज्वॉइनिंग करने वाले आशार्थियों को 15 अप्रेल तक जॉइनिंग रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। साथ ही अन्य अभ्यर्थियों को अपनी मार्च माह की उपस्थिति 16 अप्रैल से पहले सबमिट करनी होगा।
=========

धरती माता बचाओ अभियान
बीकानेर, 13 अप्रैल। “धरती माता बचाओ अभियान, उर्वरक वितरण नियंत्रण टास्क फोर्स एवं आपणों खेत आपणी खाद अभियान’’ की जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक सोमवार को आयोजित हुई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव ने कहा कि क्षेत्र में रासायनिक उर्वरक के संतुलित उपयोग के साथ ही जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने विशेष निगरानी अभियान को निरन्तर जारी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाली फर्मों व संस्थाओं के विरूद्ध ठोस कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकाधिक किसानों को रासायनिक उर्वरकों के वैकल्पिक आदानों यथा देशी खाद, हरी खाद, जैव उर्वरक आदि के उपयोग के संबंध में जागरूक करें।
संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार मदन लाल ने बताया कि कृषकों को भूमि में उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने एवं अनुदानित उर्वरकों का औद्योगिक प्रयोग, राज्य से बाहर परिगमन रोकने के उदेश्य से कृषकों को जागरूक किए जाने ’’धरती माता बचाओ अभियान’’ प्रारम्भ किया गया है। इसमें ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, ब्लॉक स्तर पर उपखण्ड अधिकारी एवं जिला स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। उपखण्ड स्तर पर 06 व ग्राम पंचायत स्तर पर 334 निगरानी समिति की बैठकों का आयोजित की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिले में मृदा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए “आपणों खेत आपणी खाद अभियान’’ 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस संबंध में कृषक गोष्टी, ग्राम सभा, स्कुल अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर, 17 हजार 961 कृषकों को जागरूक किया गया है।
सहायक निदेशक कृषि सुरेन्द्र मारू ने बताया कि इस अभियान के जरिए जिले में विगत वर्षो में अधिक उर्वरकों की खपत वाली सौ ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया। इन चिन्हित ग्राम पंचायतों की ग्रामसभा के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा भ्रमण करवा कृषकों को संतुलित उपयोग की जानकारी दी गई‌।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि आगामी खरीफ सीजन के मध्य जिले में उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। यूरिया डायर्वजन व जमाखोरी रोकने के लिए कृषि आदान निरीक्षकों की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण कार्य निरंतर किया जा रहा है। बैठक में कृषि अधिकारी गिरिराज चारण व अन्य कृषि विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
============

कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ ने किया निवर्तमान जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि का अभिनन्दन, दी भावभीनी विदाई

बीकानेर, 13 अप्रैल। कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ द्वारा निवर्तमान जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती वृष्णि ने अपने कार्यकाल की यादें साझा करते हुए कहा कि बीकानेर में कार्य करना उनके लिए एक विशेष अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यहां के कार्मिकों के साथ मिलकर उन्होंने हर चुनौती का सामना किया और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को प्रशासन की रीढ़ बताते हुए कहा कि बिना उनके सहयोग के कोई भी कार्य सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कई बार विपरीत परिस्थितियों में भी सभी ने मिलकर बेहतर परिणाम दिए, जो हमेशा स्मरणीय रहेंगे।

जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे इसी टीम भावना और समर्पण के साथ आगे भी कार्य करते रहें, ताकि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव, अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव, प्रशिक्षु आईएएस स्वाति शर्मा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़, कोषाधिकारी धीरज जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के मनीष शर्मा, शिवकुमार व्यास, मनीष जोशी, लीलाधर बोहरा, महावीर स्वामी, अशोक सिंह गौड़ सहित अनेक कार्मिकों में पुष्प भेंट कर श्रीमती वृष्णि का अभिनन्दन किया। संजय पुरोहित ने कार्यक्रम का संचालन किया।
=========
बाल विवाह की रोकथाम के लिए आयोजित किए जन जागरूकता कार्यक्रम

बीकानेर,13 अप्रैल। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बाल अधिकारिता विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को उदयरामसर के विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर, “से ना टू चाइल्ड मैरिज” (Say No To Child Marriage) अभियान की शुरूआत की गई।

बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अरूण सिंह शेखावत ने बताया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्टाफ से बाल विवाह के विरुद्ध की शपथ-पत्र भरवाएं गए। अभियान के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की। आमजन बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को रोकने के लिए विभाग या चाईल्ड हेल्पलाईन 1098 पर तुरंत सूचित करें।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष जयपाल ने स्टॉफ और विद्यार्थियों को बाल विवाह से होने वाले नुकसानों की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
इस अभियान के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायत व गांव में आंगनवाड़ी कार्यकत्ताओं से बाल विवाह के विरुद्ध के शपथ पत्र भरवाएं गए। ग्राम विकास अधिकारी अशोक जयपाल द्वारा ग्राम पंचायत के समस्त स्टॉफ को बाल विवाह की रोकथाम की शपथ दिलवाई।
अभियान में समन्वयक चाईल्ड हेल्पलाइन प्रवेश आचार्य एवं चाईल्ड हेल्पलाइन टीम से सरिता राठौड़, लक्ष्मीनारायण, रामचन्द्र गहलोत, प्रवीण चौहान और बाल अधिकारिता विभाग से आउटरीच मोहित मेहरा मौजूद रहे।
======