बाबा साहब की जयंती पर सेवा, समरसता और उत्साह का अनूठा संगम
बाबा साहब की जयंती समारोह आयोजित



- सुबह प्रतिमा पर माल्यार्पण, महारैली में पुष्प वर्षा व आइसक्रीम-शीतल जल वितरण
बीकानेर ,14 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी गंगाशहर मंडल द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बीकानेर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से सेवा, समरसता एवं सामाजिक सौहार्द का कड़ा संदेश दिया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं और आमजन का भारी उत्साह नजर आया।


प्रतिमा पर माल्यार्पण और महारैली का स्वागत


कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः अंबेडकर सर्कल स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। गंगाशहर मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ बाबा साहेब के जयकारे लगाते हुए पहुंचे और प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात शहर में आयोजित विशाल महारैली का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने रैली पर पुष्प वर्षा कर बाबा साहब के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की।
सेवा कार्य में आइसक्रीम और शीतल जल वितरण
भीषण गर्मी को देखते हुए मंडल द्वारा सेवा भाव का अनूठा परिचय दिया गया। महारैली में शामिल लोगों और राहगीरों को आइसक्रीम एवं शीतल जल का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य की आमजन ने काफी सराहना की। पूरा कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष प्रकाशचंद मेघवाल के नेतृत्व में एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की प्रेरणा से संपन्न हुआ।
संविधान निर्माता को किया नमन
इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहेब को भारतीय संविधान के शिल्पकार और समानता के अग्रदूत के रूप में स्मरण किया। उन्होंने कहा कि न्याय और अधिकार के लिए बाबा साहेब द्वारा दिखाया गया मार्ग आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में सह-प्रभारी मोहन सुराणा, वरिष्ठ नेता संपत पारीक, श्याम चौधरी, नरेश नायक, गोविंद सारस्वत, राजश्री कच्छावा, मूलचंद दैया, विनोद भाटी और संजय सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों ने समाज में समानता, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के साथ बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
===============
- भाजपा संभाग कार्यालय में बाबा साहब की जयंती पर संगोष्ठी
- समानता और न्याय की भावना सुदृढ़ करने का लिया संकल्प’
बीकानेर, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर आज भाजपा बीकानेर संभाग कार्यालय में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के सिद्धांतों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।
संविधान निर्माण और संघर्षों पर चर्चा
संगोष्ठी की शुरुआत करते हुए देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, पीलीबंगा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने अपने विस्तृत उद्बोधन में सामाजिक न्याय की अवधारणा और भारतीय संविधान की वैश्विक महत्ता को विस्तार से समझाया।
वक्ताओं ने साझा किए विचार
कार्यक्रम के दौरान बलवीर बिश्नोई, महावीर चारण और सुनील मेघवाल ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सामाजिक समानता, मानवाधिकार और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के प्रति बाबा साहब के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करके ही समाज में वास्तविक न्याय की स्थापना की जा सकती है।
प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, कैलाश बिश्नोई, तोलाराम कूकणा, कार्यक्रम संयोजक महावीर चारण, सह संयोजक महेंद्र ढाका, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष भंवर जांगिड़ और महिला मोर्चा जिला संयोजक सरोज प्रजापत सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
साथ ही आईटी विभाग के सुरेन्द्र स्वामी, सोशल मीडिया संयोजक पवन स्वामी, कार्यालय सह मंत्री जयकिशन उपाध्याय, प्रवक्ता लक्ष्मण कड़वासरा और युवा मोर्चा के प्रदीप सारस्वत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने संगोष्ठी में भाग लेकर समाज में भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
=============
डॉ. अम्बेडकर जयंती पर जिला परिषद में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बीकानेर, 14 अप्रैल। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को जिला परिषद में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसकी शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ हुआ। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब के बताए सिद्धांत ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और आगे बढ़ो’ को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने बाबा साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही लोकतंत्र का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि समाज में समानता और न्याय स्थापित करने के लिए शिक्षा का प्रसार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे समाज के कमजोर वर्गों को शिक्षित करने में अपनी भूमिका निभाएं।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रियंका तलानिया ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि हमें संविधान के मूल्यों को समझते हुए उनके आदर्शों पर चलना चाहिए, जिससे समाज में समरसता और समानता कायम रह सके। इस अवसर पर सुधीर सुरोलिया, महेश अजाड़ीवाल, मनीष पूनिया, ऋतुराज महला ,गणेश कुमार प्रजापत सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आईईसी समन्वयक गोपाल जोशी द्वारा किया गया।
==================
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम सम्पन्न ,राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण
संभागीय आयुक्त और जिला कलेक्टर ने बाबा साहेब और ज्योतिबा फुले को अर्पित की पुष्पांजलि
बीकानेर, 14 अप्रैल। महात्मा ज्योतिबा फुले की 199वीं तथा बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में आयोजित हो रहे चार दिवसीय कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हुए।
अंतिम दिन मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर में आयोजित पेंशन और पालनहार योजना के लाभार्थियों को 1 हजार 363 करोड रुपए हस्तांतरण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन तथा श्री श्याम पंचारिया सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त तथा जिला कलेक्टर सहित सभी प्रतिभागियों ने ज्योतिबा फुले तथा बाबासाहेब के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की। संभागीय आयुक्त में संविधान की उद्देशिका वाचन किया तथा संविधान से जुड़ी शपथ दिलाई।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री एलडी पवार ने बताया कि 11 अप्रैल को ज्योतिबा फुले की जयंती के साथ चार दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंगलवार के कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) श्री रमेश देव, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, डॉ. सत्य प्रकाश आचार्य एड. अशोक भाटी, श्री शिवलाल तेजी, संतोषानंद महाराज, श्री कैलाश चावरिया, श्री शिव शंकर मंडार, सुश्री मीनू डाबी, सुश्री चंदा वाल्मीकि, श्रीमती रेखा तथा श्री जेठमल सहित एसीटीओ रामलाल परिहार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग किया डॉ. अरविंद आचार्य, नंदकिशोर राजपुरोहित तथा सुरेंद्र कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
======
