श्री खाटू श्याम मंदिर में परमा एकादशी पर उमड़ी भारी भीड़

श्री खाटू श्याम मंदिर में परमा एकादशी पर उमड़ी भारी भीड़
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • लगन तुमसे लगा बैठे” भजनों पर झूमे श्रद्धालु; पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य के लिए की गई विशेष प्रार्थना

बीकानेर, 11 जून। जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में अधिक मास की पावन परमा एकादशी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। लगभग तीन वर्ष में एक बार आने वाली इस विशेष एकादशी के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बाबा श्याम के जयकारों, मधुर भजनों और भक्तों की अपार आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

मंदिर में इस अवसर पर बाबा श्याम का भव्य एवं अलौकिक विशेष श्रृंगार किया गया। पंडित किशन जोशी एवं चेतन शर्मा द्वारा आकर्षक पुष्प सज्जा और मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंदिर परिसर को भी विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगे फूलों, रोशनी और धार्मिक सजावट से सजा बाबा का दरबार भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

pop ronak

दिनभर मंदिर में भजन संध्या जैसा माहौल बना रहा। “लगन तुमसे लगा बैठे, जो होगा देखा जाएगा” सहित अनेक प्रसिद्ध श्याम भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते और बाबा के जयकारे लगाते नजर आए। बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा का निशान लेकर मंदिर पहुंचे और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पूजा-अर्चना की।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार परमा एकादशी का व्रत अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की आराधना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। शास्त्रों में वर्णित है कि इस व्रत से अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य प्राप्त होता है तथा व्यक्ति को अनजाने में हुए पापों से मुक्ति मिलती है। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से व्रत एवं पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। ठंडे पेयजल के कैंपर, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

शाम के समय मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा के परम भक्त राकेश अग्रवाल विशेष रूप से पान का भोग लेकर पहुंचे। वहीं अनेक श्रद्धालु अपने घरों से शीतल पेय पदार्थ, मिष्ठान एवं प्रसाद बनाकर बाबा को अर्पित करने के लिए लाए। मौसम के अनुरूप जामुन, आलूबुखारा, लीची, चेरी, आम सहित विभिन्न मौसमी फलों का भी भव्य भोग लगाया गया। फल, मिष्ठान और प्रसादों से बाबा का दरबार सुसज्जित दिखाई दिया।

मंदिर में महिलाओं की विशेष भागीदारी भी देखने को मिली। अनेक महिलाओं ने नारियल पर अपनी मनोकामनाएं लिखकर उसे मौली से बांधा और बाबा के चरणों में अर्पित किया। परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं।

इस अवसर पर एक विशेष धार्मिक एवं राष्ट्रीय भावना से जुड़ा कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व महिला अध्यक्ष मधुरिमा सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लेकर श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचीं। उन्होंने केंद्र में भाजपा सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बाबा श्याम से प्रार्थना की।

मंदिर के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को बाबा श्याम की पावन मोरछड़ी से आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी देश की उन्नति, विकास और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

विशेष रूप से बाबा के दरबार में एक पर्ची लिखकर नारियल में बांधी गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु, राष्ट्र की खुशहाली, शांति, समृद्धि और भारत के निरंतर विकास की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा श्याम की कृपा से देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में श्रद्धालुओं का प्रसाद वितरण के साथ स्वागत किया गया। उन्हें गुलाब के फूल एवं इत्र की शीशियां भेंट की गईं। पूरे दिन बाबा श्याम के जयकारों, भक्ति रस से सराबोर भजनों और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने परमा एकादशी के इस महापर्व को यादगार बना दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति, समृद्धि और राष्ट्र कल्याण की मंगलकामनाएं करते हुए दर्शन लाभ प्राप्त किया।

sesumo school
sjps