बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार



रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को आएंगे बीकानेर


योग दिवस समारोह में होंगे शामिल, बीकानेर-अहमदाबाद ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी


बीकानेर, 19 जून। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को प्रातः 5 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे।
श्री वैष्णव सुबह 6.30 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। प्रातः 9.30 बजे बीकानेर (लालगढ़) से अहमदाबाद (साबरमती) के लिए नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद प्रातः 10.15 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
*****
दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को बीकानेर आएंगे केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल
बीकानेर, 19 जून। केंद्रीय कानून मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल शनिवार प्रातः 11.25 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। श्री मेघवाल नाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ तथा अटल पथ का उद्घाटन करेंगे। वे दोपहर 1:30 बजे बरसिंहसर थर्मल पावर स्टेशन का विजिट करेंगे तथा सायं 3 बजे केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ में भागीदारी निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भागीदारी निभाने के बाद रात्रि विश्राम बीकानेर में करेंगे।
केंद्रीय कानून मंत्री श्री मेघवाल रविवार प्रातः 6:30 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भागीदारी निभाएंगे। प्रातः 9:30 बजे बीकानेर-अहमदाबाद रेल सेवा को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में भागीदारी निभाएंगे। दोपहर 12:30 बजे गोगड़ियावाला में सच्चियाय माता गौशाला पूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री मेघवाल रविवार को विभिन्न बैठक और कार्यक्रमों में शिरकत करने के पश्चात रात्रि 10:30 बजे रेल मार्ग से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
*****
नशे के खिलाफ निकाली जागरूकता साइकिल रैली
बीकानेर, 19 जून। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को बीकानेर में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के द्वारा आमजन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एलडी पंवार ने बताया कि रैली प्रातः 7 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होकर भारत स्काउट एवं गाइड कार्यालय परिसर तक पहुंची। रैली में भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा रास्ते भर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने बताया कि जिले में 17 जून से 26 जून तक ‘नशा मुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान’ विषयक जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आयोजित साइकिल रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
रैली में खेल विभाग के उपनिदेशक श्री सुरेंद्र कुमार हर्ष, सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट श्री रामजस लिखाला, स्काउट सीओ श्री जसवंत सिंह, दांतौर विकास सार्वजनिक पुण्यार्थ ट्रस्ट के सचिव श्री रामकिशोर सियोल तथा अध्यक्ष श्री पूनमचंद विश्नोई सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
*****
आईजीएनपी : नहरों का चक्रीय कार्यक्रम जारी
बीकानेर, 19 जून। खरीफ फसल-2026 के दौरान इंदिरा गांधी नहर परियोजना की नहरों को 20 जून को प्रातः 6 बजे से 15 जुलाई को सायं 6 बजे तक तीन से में से एक समूह में, पानी चलाए जाने के लिए अनिवार्य आवश्यकता, समूहों का विवरण और चक्रीय कार्यक्रम जारी किया गया है।
सिंचित क्षेत्र विकास आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार 20 जून को प्रातः 6 बजे से 28 जून को सायं 6 बजे तक ग्रुपों का वरीयता समूह ग, ख और क होगा। 28 जून को सायं 6 बजे से 7 जुलाई को प्रातः 6 बजे तक ख, क और ग तथा 7 जुलाई को प्रातः 6 बजे से 15 जुलाई को सायं 6 बजे तक ग्रुपों का वरीयता समूह क, ग और ख होगा।
*****
कृषि अधिकारियों की मासिक तकनीकी कार्यशाला एवं खण्डीय समीक्षा बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित
खजूर, अनार एवं नींबू वर्गीय फसलों के बगीचा स्थापना लक्ष्यों को ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान से जोड़कर अधिकाधिक पौधारोपण सुनिश्चित करें — जोशी
खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई स्थिति एवं कंटीजेंसी प्लान पर हुई विस्तृत चर्चा
बीकानेर, 19 जून। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान कार्यालय सभागार में शुक्रवार को कृषि विभाग की मासिक तकनीकी कार्यशाला एवं खण्डीय समीक्षा बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त निदेशक कृषि (विस्तार) त्रिलोक कुमार जोशी, उपनिदेशक कृषि जयदीप दोगने, एसकेआरएयू के निदेशक अनुसंधान डॉ. एन.के. शर्मा तथा क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. भूपेन्द्र सिंह राठौड़ ने की।
बैठक में बीकानेर जोन-1 के अंतर्गत जैसलमेर एवं चूरू जिले के अधिकारियों ने ऑनलाइन तथा बीकानेर मुख्यालय के अधिकारियों ने ऑफलाइन भाग लिया। इस दौरान खरीफ मौसम की तैयारियों, बीज एवं उर्वरक वितरण, ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
तकनीकी सत्र में कृषि वैज्ञानिकों ने मूंगफली, कपास, बाजरा, मूंग, उड़द एवं तिलहन फसलों की उन्नत खेती, बीजोपचार, पोषण प्रबंधन तथा कीट नियंत्रण विषयों पर पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी। निदेशक अनुसंधान डॉ. एन.के. शर्मा एवं क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. भूपेन्द्र सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में डॉ. भंवर देवी सिंह नाथावत, डॉ. एच.एल. देशवाल, डॉ. राजेन्द्र राठौड़, डॉ. अमर सिंह गोदारा एवं डॉ. एस.पी. सिंह ने कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की।
कृषि विभाग, बीकानेर की प्रगति रिपोर्ट सुरेन्द्र मारू तथा जैसलमेर जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रदीप चौधरी ने प्रस्तुत की। वहीं सहायक निदेशक उद्यान मुकेश गहलोत ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से उद्यान विभाग की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। चूरू से रामवतार शर्मा एवं जैसलमेर से छुग सिंह राठौड़ ने भी उद्यानिकी गतिविधियों की प्रगति की जानकारी दी।
अतिरिक्त निदेशक जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त निदेशक कृषि एवं स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान के समन्वय से कृषि प्रशिक्षण केंद्र (एटीसी) के सहयोग द्वारा कंटीजेंसी प्लान समय पर तैयार किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं में लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए प्राप्त बजट राशि का नियमानुसार किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने उर्वरकों का वितरण निर्धारित मानकों के अनुरूप करने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा जैविक उर्वरकों के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। साथ ही डीएपी के विकल्प के रूप में एसएसपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
जोशी ने पेस्टीसाइड, उर्वरक एवं बीज नमूनों की गुणवत्ता जांच के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार सैंपलिंग सुनिश्चित करने तथा नॉन-स्टैंडर्ड नमूने पाए जाने पर संबंधित फर्मों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई एवं न्यायालयीन प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश भी दिए।
‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को 58 हजार पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी अधिकारियों से लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
बैठक में उपनिदेशक उद्यान अनुसंधान एटीसी प्रेमाराम, कृषि विभाग की अधिकारी मीनाक्षी शर्मा, जोधराज कालीरावणा, कविता गुप्ता, ममता, विनोद कुमार सहित विभागीय एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का वर्चुअल संचालन सहायक निदेशक कृषि सुभाष बिश्नोई ने किया।
=====
शनिवार को विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगे ग्रामीण सेवा शिविर
बीकानेर, 19 जून। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शनिवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को बीकानेर के पलाना और बरसिंहसर, लूणकरणसर के रावांसर और सहनीवाला, श्रीडूंगरगढ़ के दुसारणा पण्डरीक और जोधासर में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
=====
वरदान बना ग्रामीण सेवा शिविरः नाम शुद्धि के वर्षों पुराने मामले का हाथोहाथ हुआ निस्तारण
बीकानेर, 19 जून । राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित हो रहे ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के सशक्त माध्यम बन रहे हैं। इसी श्रृंखला में शुक्रवार को ग्राम पंचायत साबनिया के ग्राम रोही ढाणी छिपलाई के भागूराम पुत्र जगराम को बड़ी राहत मिले। उसके राजस्व अभिलेखों में वर्षों से नाम में त्रुटि दर्ज थी। नाम शुद्ध नहीं होने के कारण उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। दस्तावेजों में नाम सही नहीं मिलान नहीं होने से आवश्यक कार्य लंबित थे। शुक्रवार को वह शिविर में पहुंचा और नाम शुद्धि के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा रिकाॅर्ड और दस्तावेजों की जांच की गई। आवश्यक सत्यापन के बाद नाम शुद्धि की कार्यवाही की गई। नाम शुद्धि की समस्या के समाधान के साथ भागूराम के परिवार ने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की दूरगामी सोच के आधार पर आयोजित हो रहे इन शिविरों को आमजन के लिए लाभकारी बताया और सरकार का आभार जताया।
======
ग्रामीण सेवा शिविर’ लाया राहत: 16 खातेदारों के वर्षों पुराने खाता विभाजन प्रकरण का मौके पर हुआ निस्तारण
बीकनेर , 19 जून। जैतपुर में शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर रामेती सहित 16 खातेदारों के लिए राहत लाया। रामेती पत्नी कालूराम सहित कुल 16 खातेदारों के वर्षों पुराने खाते का विभाजन मौके पर ही करते हुए उन्हें बड़ी राहत दी गई। राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की जांच और सभी पक्षों की सहमति के बाद कार्यवाही करते हुए खातेदारी भूमि का विभाजन किया गया। रामेती ने बताया कि उनका सयंुक्त खातेदारी भूमि का विभाजन वर्षों से लंबित था। इससे सभी खातेदारों को भूमि संबंधी कार्यों, नामांतरण, कृषि ऋण एवं अन्य राजस्व कार्यों में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही खातेदारी भूमि को लेकर आपसी विवाद की स्थिति बनी हुई थी। रिकाॅर्ड में स्पष्ट हिस्सेदारी नहीं होने से प्रशासनिक एवं व्यक्तिगत कार्य भी प्रभावित हो रहे थे। जब शिविर के दौरान ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया तो सभी ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और राज्य सरकार का आभार जताया।
========
ग्रामीण सेवा शिविर में लिछमा को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत स्वीकृत हुए 31 हजार
पांचू , 19 जून। पांचू के साधुना ग्राम पंचायत की लिछमा पत्नी गोविंद राम मेघवाल के लिए शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर राहत की खबर लाया। उसे मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 31 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई। शिविर के दौरान इसका स्वीकृति पत्र प्राप्त कर उसने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की इस पहल का आभार जताया। उसने बताया कि उसने तीन माह पूर्व इसके लिए आवेदन किया था, लेकिन कुछ दस्तावेजों के अभाव और तकनीकी खामियों के कारण उसे इसका लाभ नहीं मिल सका। शुक्रवार को वह शिविर स्थल पहुंची और आवश्यक कमियों का निस्तारण करवाया। इसके साथ ही मौके पर ही उसे योजना का लाभ दिया गया। उसने कहा कि बेटी के विवाह के पश्चात मिली यह राशि उसके लिए बड़ा सहारा बनेगी।
*****
ग्रामीण सेवा शिविर बना आमजन के लिए राहत का सशक्त माध्यम
जैतपुर , 19 जून।ग्राम पंचायत जैतपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान शंकर लाल रैगर ने अपने दिवंगत पिता स्व. कालूराम रैगर का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में उपस्थित संबंधित अधिकारियों द्वारा आवेदन की त्वरित जांच कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की गईं तथा समयबद्ध रूप से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त होने से शंकर लाल रैगर को बैंकिंग कार्यों के निस्तारण, उत्तराधिकार संबंधी प्रक्रियाओं एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजी कार्यों में सहारा मिलेगा।
शंकर लाल रैगर ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उनका कार्य बिना किसी परेशानी के शीघ्रता से पूरा हो गया। उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों को उनके गांव में ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
========
नगर निगम में आयोजित हुआ शहरी सेवा शिविर, आमजन के अनेक कार्य हुए
बीकानेर, 19 जून। नगर निगम मुख्य कार्यालय में शुक्रवार को शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी ने शिविर का निरीक्षण किया। शिविर प्रभारी और निगम उपायुक्त श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई मौजूद रही। आयुक्त ने हेल्प डेस्क पर प्राप्त समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में नामांतरण के 3, कब्जा नियमन के 8 और 69A के तहत नवीनतम पट्टे के 3 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन के 175, विवाह पंजीयन के 18 तथा ईडब्ल्यूएस (EWS) के दस आवेदनों का निस्तारण कर पात्र नागरिकों को राहत दी गई। इस दौरान खाद्य सुरक्षा के 8 और जन आधार से संबंधित कुल 199 आवेदन प्राप्त हुए और पेंशन के 4 आवेदन सत्यापित किए गए। यूडी टैक्स के 6 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 7 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। इससे इन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आमजन को योजनाओं की जानकारी दी गई। चिकित्सा विभाग द्वारा 48 मरीजों को परामर्श और 88 लोगों को चिकित्सा का लाभ दिया गया
स्ट्रीट लाइट के 2 प्रकरण प्राप्त हुए। वहीं 5 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। आमजन को भूमि पट्टों, फायर एनओसी, यूडी टैक्स, भवन निर्माण स्वीकृति सहित नगर निगम की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। सफाई व्यवस्था से संबंधित प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया गया। जलदाय विभाग को 3, सार्वजनिक निर्माण विभाग को 1 ओर बीकेईएसएल को 2 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका निस्तारण कर दिया गया।
======
शहरी सेवा शिविर : मंजूबाला खत्री को मिला पट्टा
बीकानेर, 19 जून। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) आयुक्त सिद्धार्थ पलनिचामी ने गुरुवार को प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने शिविर में होने वाले विभिन्न कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आमजन बड़ी संख्या में पहुंचकर पट्टा निर्माण प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। शिविर के दौरान प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किए जा रहे हैं, जिनमें पट्टा, नामांतरण, लीज मनी, भवन निर्माण स्वीकृति, बेचान एवं ऋण अनापत्ति प्रमाण पत्र, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, 90ए तथा स्ट्रीट लाइट मरम्मत संबंधी कार्य शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे, उपायुक्त कुणाल राहड़, राजस्व निरीक्षक श्रीमती नीतू मीणा, कनिष्ठ अभियंता रामजस पुनिया, एसीपी संजय जनागल, वरिष्ठ सहायक अनिल आचार्य, सूचना सहायक अश्वनी शर्मा, सूचना सहायक महेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ पट्टा वितरण का कार्य भी किया गया। बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी के मार्गदर्शन में उपायुक्त ऋषि सुधांशु पांडे (जोन-ए) द्वारा श्रीमती मंजूबाला खत्री, सागरसेतु एन्क्लेव ब्लॉक-डी को पट्टे का वितरण किया। उन्होंने शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
======
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत विद्यालय भवनों का निरीक्षण, जर्जर भवनों को किया चिन्हित
पीडब्ल्यूडी ने शिक्षा विभाग को सौंपी सर्वे रिपोर्ट, शीघ्र होगी मरम्मत
बीकानेर, 19 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों के दौरान क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों के भवनों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मरम्मत योग्य एवं जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंप दी गई है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विमल गहलोत ने बताया कि सहायक अभियंता कार्यालय द्वारा गठित तकनीकी टीम ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर भवनों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के उपरांत तैयार की गई सर्वे रिपोर्ट मौके पर ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध करवा दी गई, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ करवाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण दल द्वारा राजकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय सूरजनसर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय उदासर चारणान, राजकीय विद्यालय लाखनसर, राजकीय विद्यालय रावलिया लाखनसर, राजकीय विद्यालय धीरदेसर पुरोहितान तथा संस्कृत विद्यालय धीरदेसर पुरोहितान का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई भवनों में छतों पर दरारें, प्लास्टर उखड़ने तथा अन्य संरचनात्मक कमियां पाई गईं। विभागीय अधिकारियों ने प्रत्येक भवन का फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण करते हुए जीपीएस लोकेशन सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है।
अधीक्षण अभियंता गहलोत ने बताया कि चिन्हित भवनों की मरम्मत राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग इस दिशा में पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से की जाएगी।
====


