नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट और जैन कॉलेज बैच 1992-95 की ‘₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना’ के कारवां ने पूरे किए 11 सप्ताह
नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट और जैन कॉलेज बैच 1992-95 की '₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना' के कारवां ने पूरे किए 11 सप्ताह



बीकानेर (गंगाशहर), 21 जून 2026। नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट और जैन कॉलेज बैच 1992-95 द्वारा संचालित अभिनव मुहिम ‘₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना’ के 11वें सप्ताह के तहत अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग, गौसेवा एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस त्रिवेणी संगम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों और सेवा साथियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाकर स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक समरसता का अनूठा संदेश दिया।


इस बहुआयामी कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह तेरापंथ भवन, गंगाशहर में जैन कॉलेज बैच 1992-95, अणुव्रत समिति, गंगाशहर एवं मित्र मंडली योग ग्रुप व अन्य सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सामूहिक योग सत्र से हुआ। योग प्रशिक्षक धर्म सोनी एवं उनके सहायकों के कुशल मार्गदर्शन में उपस्थित जनों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके पश्चात जैन कॉलेज बैच 1992-95 के सदस्यों द्वारा मुरली मनोहर गौशाला, भीनासर में विशेष गौसेवा कार्यक्रम आयोजित कर गौवंश को हरा चारा और औषधि युक्त पौष्टिक लड्डू अर्पित किए गए।


इसी कड़ी में अगला चरण तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) गंगाशहर द्वारा संचालित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) में आयोजित हुआ, जहां सभी सेवा साथियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में रक्तचाप (BP) और ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच के साथ चिकित्सीय परामर्श दिया गया। जांच के उपरांत तेयुप द्वारा अल्पाहार एवं जैन कॉलेज बैच द्वारा शीतल छाछ की मनुहार की गई। इस दौरान गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और अधिक आनंदमय और आत्मीय बना दिया।
समारोह के समापन पर तेरापंथ युवक परिषद्, गंगाशहर द्वारा जैन कॉलेज बैच 1992-95 के सेवा साथियों का विशेष अभिनंदन किया गया। परिषद् की ओर से सभी सहयोगियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनके सामाजिक समर्पण और जनकल्याणकारी गतिविधियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। इस सप्ताह के सफल आयोजन में बृज रतन भोजक-श्रीमती वंदना भोजक, पुखराज लालानी-श्रीमती मनीषा लालानी तथा राजेश बोथरा-श्रीमती पायल बोथरा ने मुख्य सहयोगकर्ता के रूप में विशेष योगदान दिया।
इस अवसर पर जैन कॉलेज बैच 1992-95 से सीए विनोद कुमार पारख, मुकेश पुरोहित, विजय बोथरा, सुशील नागौरी, प्रेम प्रकाश सोनी, मुकेश जांगिड़, मनीष मूंधड़ा, राजेंद्र लखोटिया, राजेंद्र चौधरी, गणेश दैया, कुमारी लोचन भोजक तथा तेयुप गंगाशहर से देवेंद्र डागा, दिनेश सोनी, ललित राखेचा, पीयूष लूणिया, विजेंद्र छाजेड़, उमेश सोनी, जितेश पारख, रोहित बैद, कपिल नहाता, रोशन नाहटा, भरत सोनी, विपिन बोथरा, पंकज आंचलिया व मांगीलाल बोथरा सहित अनेक सेवाभावी उपस्थित रहे। सीए विनोद कुमार पारख ने अंत में कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय संवेदनाओं और स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है।


