महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिवस पर संजीवनी रक्त वाटिका का रक्तदान शिविर
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिवस पर संजीवनी रक्त वाटिका का रक्तदान शिविर



- 51 यूनिट रक्त व एसडीपी डोनेट कर पेश की मानवता की मिसाल
बीकानेर, 21 जून। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिवस के पावन उपलक्ष्य में संजीवनी रक्त वाटिका के तत्वावधान में पी.बी.एम. चिकित्सालय के ब्लड सेंटर विभाग में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय सरोकार के शिविर में बीकानेर के समाजसेवियों, युवाओं और नारी शक्ति ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए मानव सेवा का एक अनूठा उदाहरण पेश किया।


शिविर के दौरान सजग रक्तदाताओं द्वारा कुल 51 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इसके साथ ही, चिकित्सालय में भर्ती गंभीर मरीजों की आपातकालीन सहायता के लिए दो सिंगल डोनर प्लेटलेट (एसडीपी) भी तुरंत उपलब्ध कराई गईं। इस पुनीत कार्य में रक्तदाता कैलाश गहलोत एवं धीरज उपाध्याय ने अपना एसडीपी दान कर मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता पर संजीवनी रक्त वाटिका परिवार द्वारा शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं सहित ब्लड सेंटर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नवरंग लाल महावर, डॉ. अरुण भारती एवं उपस्थित समस्त मेडिकल टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया गया।


इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के सुचारू संचालन के दौरान संजीवनी रक्त वाटिका के अध्यक्ष मनीष कुमार उपाध्याय, संरक्षक महेंद्र ढाका, कैलाश गहलोत एवं लक्ष्मण उपाध्याय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही टीम के सक्रिय सदस्य जयनारायण जाजड़ा, मांगीलाल शर्मा, रणजीत जोशी, लीलाधर पंचारिया, मुकेश जयपाल, गायत्री शर्मा, प्रियंका कसवां, राजेश राठौड़ और जितेंद्र गहलोत सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवाएं दीं। अंत में संस्था अध्यक्ष मनीष कुमार उपाध्याय ने सभी सहयोगी संस्थाओं और रक्तदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संदेश दिया कि ‘रक्तदान ही महादान है’, जो किसी मरते हुए व्यक्ति को नया जीवनदान दे सकता है।


