श्री जैन कन्या पी जी महाविद्यालय में नए सत्र का शुभारंभ पर नव-प्रवेशित छात्राओं का स्वागत
श्री जैन कन्या पी जी महाविद्यालय में नए सत्र का शुभारंभ पर नव-प्रवेशित छात्राओं का स्वागत


बीकानेर, 1 जुलाई । श्री जैन कन्या पी जी महाविद्यालय में आज सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस पर नव-प्रवेशित छात्राओं का भव्य स्वागत किया गया। कॉलेज प्रांगण में कदम रखते ही सीनियर छात्राओं ने नव-आगंतुक छात्राओं को तिलक लगाकर और मुंह मीठा करवाकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान कॉलेज का माहौल बेहद उत्साहजनक नजर आया।


महाविद्यालय के मीडिया सह-प्रभारी विशाल सोलंकी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सत्र के पहले दिन छात्राओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कॉलेज जीवन हर विद्यार्थी के जीवन का एक बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे कॉलेज लाइफ को इस तरह से जियें कि यह समय हमेशा के लिए उनके जीवन की सुखद स्मृतियों में जीवन्त बना रहे।


सत्र के शुभारंभ और स्वागत समारोह के इस विशेष मौके पर महाविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी प्राध्यापकों और स्टाफ सदस्यों ने नव-प्रवेशित छात्राओं को उनके उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं और शुभाशीष दिए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इस दौरान छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी बेटियों को जीवन के इस नए सफर की शुरुआत करते हुए देखा।


