रोटरी क्लब बीकानेर ने राज्यस्तरीय राजस्थानी भाषा-साहित्य पुरस्कार-2026 के लिए मांगे आवेदन


रोटरी क्लब बीकानेर ने राज्यस्तरीय राजस्थानी भाषा-साहित्य पुरस्कार-2026 के लिए मांगे आवेद


बीकानेर, 8 जुलाई 2026। रोटरी क्लब, बीकानेर द्वारा राजस्थानी भाषा और साहित्य के विकास एवं साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। क्लब के अध्यक्ष रोटे. प्रवीण गुप्ता ने इन पुरस्कारों की श्रेणियों की घोषणा करते हुए बताया कि राजस्थानी साहित्य जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लेखकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत दिए जाने वाले प्रथम पुरस्कारों की श्रृंखला में “कला-डूंगर कल्याणी राजस्थानी शिखर पुरस्कार” शामिल है, जिसके तहत विजेता साहित्यकार के संपूर्ण व्यक्तित्व और कृतित्व को आधार मानकर ₹51,000 की राशि प्रदान की जाएगी।


इस पुरस्कार योजना के अंतर्गत गद्य, पद्य और बाल साहित्य के लिए भी विशेष श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। द्वितीय पुरस्कार के रूप में पिछले 10 वर्षों में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ गद्य कृति (कहानी, नाटक, उपन्यास, यात्रा संस्मरण आदि) के लिए ₹25,000 का “खीवराज मुन्नीलाल सोनी राजस्थानी गद्य पुरस्कार” दिया जाएगा। वहीं, काव्य विधा के लिए ₹15,000 का तृतीय “बृज-उर्मी अग्रवाल राजस्थानी पुरस्कार” और महिला साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए ₹11,000 का चतुर्थ “सोमवर्षा राजस्थानी महिला साहित्यकार पुरस्कार” प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बाल साहित्य की सर्वश्रेष्ठ पुस्तक के लिए ₹7,000 का “सुन्दरदेवी-तुलसीदास हर्ष राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार” भी इस सूची में शामिल है।
पुरस्कार समिति के संयोजक मनमोहन कल्याणी ने पात्रता नियमों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि भारत में कहीं पर भी निवास करने वाला राजस्थानी भाषा का साहित्यकार इन पुरस्कारों के लिए आवेदन कर सकता है। प्रतियोगिता के लिए प्रस्तावित पुस्तकें जनवरी 2016 से दिसंबर 2025 के मध्य प्रकाशित होनी अनिवार्य हैं। पुरस्कारों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तय की गई है। चयनित विद्वानों को रोटरी क्लब द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में चेक, शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक आवेदक निर्धारित प्रारूप भरकर अलख सागर रोड स्थित कल्याणी प्रिंटर्स के पते पर भेज सकते हैं या ईमेल (mmkal2010@gmail.com) के जरिए आवेदन पत्र और नियमावली प्राप्त कर सकते हैं।


