देश ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की ओर अग्रसर, राजस्थान के निकाय चुनाव इसी दिशा में सकारात्मक कदम: केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल

अर्जुन राम मेघवाल
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025

बीकानेर, 1 अगस्त । स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (SKRAU) के 40वें स्थापना दिवस एवं डॉ. के. एन. नाग स्मृति व्याख्यानमाला समारोह में भाग लेने बीकानेर पहुंचे केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि देश ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ चुका है। उन्होंने बताया कि इससे संबंधित विधेयक लोकसभा में प्रस्तुत किया जा चुका है और वर्तमान में संयुक्त संसदीय समिति (JPC) इसका विस्तृत अध्ययन कर रही है।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

केंद्रीय मंत्री ने राजस्थान में एक साथ कराए जा रहे निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चुनावी व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक सकारात्मक शुरुआत है। उन्होंने उदाहरण दिया कि पहले बीकानेर नगर निगम के चुनाव अलग समय पर होते थे, लेकिन अब बीकानेर नगर निगम, श्रीडूंगरगढ़ और देशनोक के निकाय चुनाव एक साथ संपन्न कराए जा रहे हैं।

pop ronak

संसद की मर्यादा और नकल विरोधी कानून पर कड़ा संदेश
संसद में विपक्ष के हंगामे और प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सदन की गरिमा और आसन की मर्यादा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने में विफल रहा है।

परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर उन्होंने कहा कि संसद में गहन चर्चा के बाद सख्त नकल विरोधी कानून पारित किया गया है। इस कानून का मुख्य ध्येय पेपर लीक और नकल माफिया पर नकेल कसना है। नए प्रावधानों में दोषियों के विरुद्ध कड़े दंड तय किए गए हैं, जिससे देश की परीक्षा प्रणाली अधिक सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनेगी।

नशा मुक्त और नकल मुक्त राजस्थान का संकल्प: राज्यपाल
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे ने कहा कि उच्च शैक्षणिक संस्थानों का मूल दायित्व विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें बौद्धिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि टीबी मुक्त राजस्थान के बाद अब ‘नशा मुक्त’ और ‘नकल मुक्त’ राजस्थान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राज्यपाल ने ‘कॉपी मुक्त परीक्षा’ की अवधारणा पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने 28 हजार से अधिक स्नातकों की उपलब्धि पर संतोष जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्व विद्यार्थियों (Alumni) का रिकॉर्ड संधारित करने का निर्देश दिया, ताकि युवा उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने शिक्षा में बेटियों की भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ स्वामी केशवानंद, पंडित मदन मोहन मालवीय, सुधामूर्ति और कमला भागवत सहोनी के योगदान का भी स्मरण किया।

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को ‘डॉक्टर ऑफ साइंस’ की मानद उपाधि

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर कुलगुरु डॉ. राजेंद्र बाबू दुबे और राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को कृषि एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्वविद्यालय की सर्वोच्च शैक्षणिक उपाधि ‘डॉक्टर ऑफ साइंस’ (Honoris Causa) प्रदान की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कृषि क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि भारत सरकार के ‘इंडिया एआई मिशन’ के तहत SKRAU को इंडस्ट्री 4.0 के अंतर्गत 20 करोड़ रुपये की लागत से कृषि आधारित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय चारागाह वर्ष के संदर्भ में विश्वविद्यालय से चारागाह विकास और कृषि उत्पादन में नवाचार लाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया।

ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन एवं अन्य गतिविधियां

समारोह के दौरान राज्यपाल बागडे ने डीजीसीए (DGCA) द्वारा अधिकृत और रिमोट पायलट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित होने वाले ‘ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र’ का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

व्याख्यानमाला के मुख्य वक्ता एवं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ ने मरुस्थलीय औषधीय वनस्पतियों जैसे केर, कुमटिया, रसोड़ा और काचरी के चिकित्सकीय गुणों पर शोध करने पर जोर दिया। इससे पूर्व, शनिवार सुबह बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त विश्राम मीना, पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद और छात्र मौजूद रहे।

sjps
sesumo school