नीट परीक्षार्थी और दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
नीट परीक्षार्थी और दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार


राजस्थान में फर्जी आईएएस अधिकारी का खौफनाक खेल:


अजमेर , 1 अगस्त। राजस्थान के अजमेर और जोधपुर जिलों में फर्जी अधिकारी बनकर युवतियों को ठगने और उनका शोषण करने का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाले एक शातिर आरोपी ने 18 वर्षीय नीट (NEET) परीक्षार्थी और उसकी दो नाबालिग बहनों को परीक्षा में पास कराने व सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपनी हवस का शिकार बनाया। जोधपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की विस्तृत जांच अजमेर और जोधपुर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा की मुलाकात जून 2025 में गर्मी की छुट्टियों के दौरान अपनी ममेरी बहन के माध्यम से आरोपी से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रशासनिक सेवा का बड़ा अधिकारी बताकर छात्रा को नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद मार्च 2026 में उसने छात्रा को अजमेर के वैशाली नगर स्थित एक होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने लिफाफे में फर्जी प्रश्नपत्र दिखाकर छात्रा को आरोपी ने कथित तौर पर ‘प्रसाद’ बताकर लड्डू खिलाया, जिससे छात्रा बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि अचेत अवस्था में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश आने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रही। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने पर मजबूर कर दिया।
हौसले बुलंद होने पर आरोपी ने पीड़िता की दो नाबालिग बहनों (उम्र 17 वर्ष और 13 वर्ष) को भी निशाना बनाया। उसने 17 वर्षीय बहन को बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक और सरकारी नौकरी का लालच देकर जोधपुर बुलाया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उसी के जरिए 13 वर्षीय सबसे छोटी बहन को भी बुलाकर उसके साथ घिनौना कृत्य किया। जब पीड़िता ने अपनी आपबीती परिवार को सुनाई, तब इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
मामला सामने आने के बाद पीड़िता अपनी मां के साथ जोधपुर के रातानाडा थाने पहुंची, जहां 27 जुलाई को ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई गई। चूंकि मुख्य वारदात अजमेर में हुई थी, इसलिए उस हिस्से की जांच अजमेर पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है। वहीं, नाबालिगों से जुड़े अपराध पर जोधपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहीं छात्राओं को लक्ष्य बनाकर फर्जी दावों के जरिए शिकार बनाता था।


