मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर हिट सोंग्स ऑफ मोहम्मद रफ़ी संगीतमय संध्या में देर रात तक गूंजे नग्मे
मोहम्मद रफ़ी की पुण्यतिथि पर हिट सोंग्स ऑफ मोहम्मद रफ़ी संगीतमय संध्या में देर रात तक गूंजे नग्मे


बीकानेर, 01 अगस्त । हिंदी सिनेमा के महान पार्श्व गायक स्वर्गीय मोहम्मद रफ़ी की 46वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कोहिनूर कला केंद्र की ओर से शहर के मीणों के चौक में एक भव्य संगीतमय संध्या ‘हिट सोंग्स ऑफ मोहम्मद रफ़ी’ का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों और रसिक श्रोताओं ने उपस्थिति दर्ज कराकर मोहम्मद रफ़ी के सदाबहार नग़मों का आनंद लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष अरविंद मिढ्ढा द्वारा मोहम्मद रफ़ी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस संगीतमय कार्यक्रम की अध्यक्षता ‘सखा संगम’ के अध्यक्ष एन.डी. रंगा ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ गायक पूनम मोदी, अशोक सोनी जसमतिया, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद अली ख़िलजी, प्रॉपर्टी डीलर सय्यद रोशन अली तथा संगीत कला प्रेमी इस्लाम कच्छावा और राजीव मित्तल उपस्थित रहे।


आयोजक नौशाद अली और समन्वयक अनवर अली ने बताया कि इस संध्या के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए डेढ़ दर्जन से अधिक गायक कलाकारों ने रफ़ी साहब के गाए लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंच पर हसन अली, अनवर अली, सैयद नौशाद अली, राजीव मित्तल, श्रीडूंगरगढ़ से आईं आस्था मलघट, देशनोक से आए महबूब राठौड़, महेश कुमार, भैरू रतन चांवरिया, सलमान खान, अकबर अली, कुमार महेश किराडू तथा शानू कच्छावा सहित कई कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के समन्वयक क़ासिम बीकानेरी ने कुशल मंच संचालन करते हुए संगीतमय संध्या को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में आए हुए अतिथियों और कलाकारों का आभार व्यक्त किया गया।


