भीषण आग से लाखों का नुकसान, 130 से ज्यादा पाइप, फव्वारे और अनाज जलकर राख
भीषण आग से लाखों का नुकसान


बीकानेर, 06 अगस्त । बीकानेर जिले के अरजनसर क्षेत्र के समीप रामसरा की रोही में बुधवार देर रात एक खेत में बनी ढाणी में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में किसान की सिंचाई प्रणाली और कटाई कर रखा गया अनाज पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित किसान को लाखों रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।


विकराल आग के आगे बेबस नजर आए ग्रामीण
रामसरा निवासी धर्मपाल ओझाईया के अनुसार, किसान गौरीशंकर पुत्र मलूराम शर्मा के खेत में स्थित ढाणी से देर रात अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। लपटें देखकर आसपास के खेतों में मौजूद किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि देखते ही देखते सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया।


कृषि उपकरण और अनाज पूरी तरह नष्ट
कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, तब तक ढाणी में रखा सारा कृषि सामान नष्ट हो चुका था। इस हादसे में 130 से अधिक सिंचाई पाइप, फव्वारा सेट,
कट्टों में भरकर रखा गया गेहूं और ग्वार पूरी तरह जल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का सटीक खुलासा नहीं हो पाया है।
प्रशासन से सर्वे करवाकर मुआवजे की मांग
हादसे के बाद पीड़ित किसान के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों और किसान संगठनों ने जिला प्रशासन व राजस्व विभाग से तत्काल मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन (सर्वे) कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार से पीड़ित किसान को उचित आर्थिक मुआवजा एवं राजकीय सहायता शीघ्र जारी करने की अपील की है, ताकि वह पुनः अपनी खेती-किसानी शुरू कर सके।


