खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 1 लापता
खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 1 लापता


पौड़ी, 7 अगस्त। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां बोलेरो कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। हादसे में 16 वर्षीय एक किशोर घायल हुआ है।


राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र का एक परिवार बोलेरो कार में सवार होकर जा रहा था। देवप्रयाग क्षेत्र के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में कुल सात लोग सवार थे।


सूचना मिलने के तुरंत बाद देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ ने घटनास्थल से एक महिला व बच्ची सहित पांच लोगों के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3 ) और शादाब (14) के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर अरहम (16) को स्थानीय निवासियों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद से लापता एक अन्य व्यक्ति की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि यदि आवश्यकता पड़े तो गंभीर रूप से घायलों को एयर एम्बुलेंस/हवाई मार्ग से बड़े चिकित्सा केंद्र भेजा जाए।


