जुलूस-ए-मोहम्मदी 26 अगस्त को; प्रशासन से अनुमति एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग
जुलूस-ए-मोहम्मदी 26 अगस्त को; प्रशासन से अनुमति एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग


बीकानेर, 25 अगस्त । जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर भारतीय मुस्लिम शांति मिशन की ओर से 26 अगस्त 2026, बुधवार को बीकानेर शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मिशन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से जुलूस की औपचारिक अनुमति प्रदान करने के साथ ही सुरक्षा एवं यातायात की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की है।


पारंपरिक मार्गों से होकर गुजरेगा जुलूस


मिशन के अध्यक्ष मोहम्मद मेराज तथा हैदरी मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद सलीम रज़वी ने जानकारी दी कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जुलूस बुधवार प्रातः 7:30 बजे शीतला गेट स्थित मोहल्ला दमामियान से रवाना होगा।
यह जुलूस शीतला गेट से प्रारंभ होकर मोहल्ला पिंजारान, मोहल्ला छींपान, लाल गुफा, गोगा गेट, मोहल्ला गुजरान, पुरानी जेल रोड, सिटी कोतवाली, मोहल्ला भिश्तियान, सब्जी मंडी, कोटगेट, मोहल्ला महावतान, दो पीर एवं कसाइयों की बारी से होते हुए मोहल्ला व्यापारियान पहुंचकर संपन्न होगा।
शांति, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि जुलूस का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन हमेशा से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजित होता रहा है। मिशन पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि जुलूस के दौरान प्रशासनिक दिशा-निर्देशों एवं नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा।
