कंपनी सेक्रेटरीज परीक्षा जून 2026 सत्र का परिणाम घोषित; राजस्थान की बेटियों ने लहराया परचम
कंपनी सेक्रेटरीज परीक्षा जून 2026 सत्र का परिणाम घोषित; राजस्थान की बेटियों ने लहराया परचम


नई दिल्ली/बीकानेर ,25 अगस्त । इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) द्वारा जून 2026 सत्र की कंपनी सेक्रेटरीज प्रोफेशनल प्रोग्राम (सिलेबस 2022) एवं एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम (सिलेबस 2022) परीक्षाओं का परिणाम 25 अगस्त को घोषित कर दिया गया। संस्थान द्वारा विषयवार अंकों के विवरण सहित परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करने के साथ ही देशभर के क्षेत्रीय एवं चैप्टर कार्यालयों को प्रेषित कर दिया गया है। एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम के परीक्षार्थियों के लिए ई-रिजल्ट-कम-मार्क्स स्टेटमेंट डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।


प्रोफेशनल व एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में राजस्थान का दबदबा


प्रोफेशनल प्रोग्राम परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर ग्रुप-1 में 32.69 प्रतिशत तथा ग्रुप-2 में 29.49 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे। इस परीक्षा में जयपुर केंद्र की खुशी अग्रवाल तथा मुंबई केंद्र की सानिया समीर खान ने संयुक्त रूप से ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक (All-India 1st Rank) हासिल की।
वहीं, एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम परीक्षा में ग्रुप-1 में 17.41 प्रतिशत और ग्रुप-2 में 22.19 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में उदयपुर केंद्र की विधि सुथार ने अखिल भारतीय प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया।
राजस्थान राज्य में ओवरऑल परिणाम की बात करें तो प्रोफेशनल प्रोग्राम के ग्रुप-1 में 29.43 प्रतिशत तथा ग्रुप-2 में 30.64 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। वहीं, एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में ग्रुप-1 का परिणाम 19.16 प्रतिशत और ग्रुप-2 का परिणाम 27.53 प्रतिशत रहा।
बीकानेर शहर का शानदार प्रदर्शन
बीकानेर शहर में कंपनी सेक्रेटरीज परीक्षा का परिणाम उत्साहजनक रहा। बीकानेर में प्रोफेशनल प्रोग्राम परीक्षा के ग्रुप-1 में 22.22 प्रतिशत तथा ग्रुप-2 में 32.26 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे। वहीं एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम में बीकानेर का परिणाम ग्रुप-1 में 23.64 प्रतिशत तथा ग्रुप-2 में 40.00 प्रतिशत दर्ज किया गया।
अगली परीक्षा दिसंबर 2026 में
संस्थान के अनुसार, एक्जीक्यूटिव एवं प्रोफेशनल प्रोग्राम की अगली परीक्षाएं 21 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक दोपहर के सत्र में आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन नामांकन आवेदन तथा परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 26 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
