बीकानेर नगर निगम चुनाव में भाजपा का खुला खाता, शहर में एक वार्ड से निर्विरोध निर्वाचन तय; 5 वार्डों में सीधा मुकाबला
बीकानेर नगर निगम चुनाव


बीकानेर, 2 सितंबर । बीकानेर नगर निगम चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का खाता खुल गया है। वार्ड संख्या 69 से भाजपा प्रत्याशी लीला गहलोत की निर्विरोध जीत तय हो गई है, क्योंकि जांच के दौरान उनकी एकमात्र प्रतिद्वंद्वी ममता सांसी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया। ममता सांसी के नामांकन में पार्टी के रूप में आरएलपी दर्ज था, लेकिन आरएलपी का अधिकृत चुनाव चिह्न संलग्न न होने के कारण पर्चा निरस्त कर दिया गया। गौरतलब है कि कांग्रेस द्वारा जारी 80 प्रत्याशियों की सूची में ममता सांसी का नाम शामिल था, लेकिन इस तकनीकी त्रुटि के चलते भाजपा की लीला गहलोत का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। लीला गहलोत के पति अनूप गहलोत भी पिछले बोर्ड में भाजपा पार्षद रह चुके हैं।


जिले की सात निकायों के 270 वार्डों के लिए कुल 1213 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बीकानेर के वार्ड संख्या 2 में सबसे अधिक 15 प्रत्याशी आमने-सामने हैं, जहां कांग्रेस के संजय आचार्य और भाजपा के दीपक व्यास को 13 निर्दलीय व अन्य प्रत्याशियों से चुनौती मिल रही है। इसके अतिरिक्त वार्ड 8 में 14 उम्मीदवार, जबकि वार्ड 10 और 62 में 12-12 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।


कांग्रेस के 2 और भाजपा का 1 पर्चा निरस्त
नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया में बीकानेर नगर निगम से कांग्रेस के दो उम्मीदवारों और भाजपा के एक उम्मीदवार का पर्चा निरस्त हो गया। वार्ड 69 से ममता सांसी के अलावा वार्ड 26 से कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप कुमार का नामांकन खारिज हुआ है। वहीं, वार्ड संख्या 30 से भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल का पर्चा भी निरस्त कर दिया गया। भंवरलाल और प्रदीप दोनों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होना इसका कारण बताया गया है।
इन वार्डों में हुआ सीधा मुकाबला
जांच के बाद नगर निगम के 5 वार्डों में आमने-सामने की सीधी टक्कर तय हो गई है:
वार्ड संख्या 12: हिमांशु शर्मा (भाजपा) बनाम सुहानी शर्मा (कांग्रेस)
वार्ड संख्या 26: रामदयाल पंचारिया (भाजपा) बनाम 4 निर्दलीय प्रत्याशी
वार्ड संख्या 30: अब्दुल सत्तार (कांग्रेस) बनाम आशादेवी (निर्दलीय)
वार्ड संख्या 37: श्याम सिंह हाडला (भाजपा) बनाम रविंद्र पाल (कांग्रेस)
वार्ड संख्या 67: हेमेंद्र भाटी (भाजपा) बनाम युनीश अली (कांग्रेस)
वार्ड संख्या 68: शंकरलाल (भाजपा) बनाम परमानन्द गहलोत (कांग्रेस)
बीकानेर में बीजेपी का खाता खुला।
बीकानेर वार्ड संख्या 69 मे कांग्रेस व एक निर्दलीय प्रत्याशी के पर्चे खारिज हुवे।
भाजपा की लीला गहलोत विजय घोषित किया गया।#बीकानेर_भाजपा_परिवार#आपणौ_प्यारौ_बीकाणौ@BhajanlalBjp @GirilMBhatia @hirendrakaushik @ajaeybjp @schhajerbjp pic.twitter.com/uKwcAJ06i3— Bikaner City (@Bjp_4Bikaner) September 1, 2026
भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ और निगम चुनाव संयोजक सत्यप्रकाश आचार्य ने लीला गहलोत की निर्विरोध जीत को पार्टी के लिए शुभ संकेत बताते हुए बीकानेर में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया है।
