105 धूमावती माताओं को दी त्रैमासिक वित्तीय सहायता
105 धूमावती माताओं को दी त्रैमासिक वित्तीय सहायता

- श्री जी धूमावती चैरिटेबल ट्रस्ट का अनूठा सेवा प्रकल्प
बीकानेर, 17 अक्टूबर। धरणीधर महादेव मंदिर परिसर में श्री जी धूमावती चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित त्रेमासिक वित्तीय सेवा समारोह में गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर करने वाली और धूमावती माताओं को आर्थिक संबल प्रदान किया गया। इस अनूठे सेवा प्रकल्प के तहत ट्रस्ट द्वारा 105 धूमावती माताओं को 1500-1500 रुपये की त्रैमासिक वित्तीय सहायता और मिठाई के डिब्बे भेंट किए गए, जिससे माताओं के चेहरे खिल उठे।


समारोह के मुख्य अतिथि, नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने इस अवसर पर कहा कि भागदौड़ भरी इस जिंदगी में जहां हर व्यक्ति अपने परिवार की आजीविका में व्यस्त है, वहीं यह ट्रस्ट इन माताओं को वित्तीय सेवा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास दे रहा है। उन्होंने कहा कि इन माताओं के चेहरों की मुस्कान साक्षात ईश्वर की मुस्कान के समान है और इस सेवा प्रकल्प का साक्षी बनना उनके लिए सौभाग्य का क्षण है।


विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ उद्योगपति कन्हैयालाल बोथरा ने बीकानेर की सांस्कृतिक व सेवाभावी परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ हर व्यक्ति ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जुड़ा हुआ है। डॉ. नवरंग लाल महावर ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य सीधे परमात्मा को प्रसन्न करने जैसा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि पंडित घनश्याम आचार्य के मार्गदर्शन में यह सेवा निरंतर जारी है। इस अवसर पर नरेश मित्तल, भंवरलाल चांडक, वीरेंद्र किराड़ू, कन्हैयालाल आचार्य, राधेश्याम पंचारिया, दाऊजी खुड़िया, सेवाराम सोनी, घोटुलाल और सुरेंद्र मारू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

