श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में ओपन माइक कम कॉलेज फेस्ट का भव्य आयोजन
श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में ओपन माइक कम कॉलेज फेस्ट का भव्य आयोजन


बीकानेर ,12 सितम्बर । श्री जैन गर्ल्स कॉलेज के सभागार में शनिवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘ग्रैंड ओपन माइक शो प्रतियोगिता’ का रंगारंग आयोजन किया गया। श्री जैन गर्ल्स कॉलेज तथा ‘कलम से कला तक’ संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेस्ट में छात्राओं व युवा कलाकारों ने अपनी विविध प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।


विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है ऐसा मंच: डॉ. संध्या सक्सेना
प्राचार्य का संबोधन: डॉ. संध्या सक्सेना ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं। ऐसे आयोजन कला और संस्कृति को समृद्ध करने के साथ युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाते हैं।
संकाय का आभार: वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. राजेंद्र जोशी ने कार्यक्रम को सफल बनाने और उपस्थित होने के लिए सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
बांसुरी, रैप, कविता और डांस से गूंजा सभागार
ओपन माइक फेस्ट के दौरान मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं:
संगीत व वादन: आलोक ने सुमधुर बांसुरी वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं ऊषा, पूर्विका, हेमंत, सारांश, श्याम, विजय श्री और रवि शर्मा ने अपनी शानदार सिंगिंग से समां बांधा।
रैप व देशभक्ति कविता: गोविन्द (GR) ने ‘रक्तबीज’ रैप सॉन्ग की ऊर्जावान प्रस्तुति से युवाओं में जोश भरा, जबकि जया शर्मा ने वीर रस की राष्ट्रभक्ति कविता से पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग दिया। स्टोरी टेलिंग, पोएट्री व डांस: रेणु शर्मा एवं नंदिनी ने प्रभावी स्टोरी टेलिंग की। कोमल व हर्षिता ने पोएट्री प्रस्तुत की, तथा अंत में कृतिका ने हिप-हॉप डांस की धमाकेदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का सफल एवं आकर्षक मंच संचालन महाविद्यालय की छात्राओं मोनिका, नंदिनी, हर्षिता एवं पवित्रा ने संयुक्त रूप से किया।
