पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन पर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा व केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जताया गहरा शोक
पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन पर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा व केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जताया गहरा शोक

बीकानेर, 27 अक्टूबर । बीकानेर के पूर्व विधायक, बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन पर राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा तथा केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।


खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व विधायक श्री गुप्ता आमजन के हितों के लिए सदैव संघर्षरत रहे। उन्होंने राजनीति में अनेक आयाम स्थापित किए और उनका संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए राजनीति की एक पाठशाला की तरह था। उन्होंने कहा कि श्री गुप्ता का निधन बीकानेर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका पूरा परिवार हमेशा सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों में संलग्न रहा है। खाद्य मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।



केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने शोक संदेश में एडवोकेट गुप्ता के लंबे जनसंघर्ष और जन सरोकारों से जुड़े कार्यों का स्मरण करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया। केंद्रीय मंत्री की ओर से भेजे गए पुष्प चक्र को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं भाजपा नेता अशोक ने ‘परदेशियों की बगीची’ पहुंचकर उनकी अंतिम यात्रा के दौरान पार्थिव देह पर अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर गोकुल जोशी, भंवर पुरोहित, रफीक ठेकेदार, हनुमान बिश्नोई, मेघराज परिहार, एडवोकेट आनंद बजाज सहित बीकानेर के कई प्रबुद्धजन, अधिवक्ता और आमजन उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि आजीवन अविवाहित रहकर जनसेवा को समर्पित रहने वाले रामकृष्ण दास गुप्ता की अंतिम यात्रा में शहर के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

