सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में 17वें बैच की गोल्डन जुबली आयोजित
सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में 17वें बैच की गोल्डन जुबली आयोजित



- हिपोक्रेट्स की प्रतिमा का अनावरण, 1959 के प्रथम बैच का ऐतिहासिक शिलालेख सुपुर्द
बीकानेर , 21 सितम्बर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज (SPMC), बीकानेर के वर्ष 1975 (17वें बैच) की गोल्डन जुबली के उपलक्ष्य में सोमवार, 21 सितम्बर को कॉलेज परिसर में विविध गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह के दौरान चिकित्सा विज्ञान के जनक माने जाने वाले हिपोक्रेट्स की प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा कॉलेज परिसर स्थित पानी के फव्वारे के चारों ओर स्टील की सुरक्षा रेलिंग का भी लोकार्पण हुआ।


प्रथम बैच (1959) का ऐतिहासिक शिलालेख कॉलेज प्रशासन को सौंपा
समारोह के दौरान एक विशेष ऐतिहासिक क्षण में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच (वर्ष 1959) के विद्यार्थियों की सूची का शिलालेख कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार को सुपुर्द किया गया। इस शिलालेख पर वर्ष 1959 के प्रथम बैच के सभी 39 चिकित्सकों के नाम अंकित हैं, जिसे कॉलेज के गौरवशाली इतिहास के रूप में सहेजा गया है।


15 दिवंगत सहपाठियों को समर्पित रहा समारोह
आयोजकों ने बताया कि यह गोल्डन जुबली समारोह वर्ष 1975 के 17वें बैच के उन 15 दिवंगत चिकित्सकों/साथियों की स्मृति को समर्पित रहा, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। समारोह में उपस्थित पूर्व विद्यार्थियों (एल्युमनाई) ने अपने कॉलेज जीवन की खट्टी-मीठी यादों को साझा किया और दिवंगत साथियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि एवं गणमान्य उपस्थिति
सुबह 8 बजे कॉलेज परिसर में आयोजित मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अजीज अहमद सुलेमानी रहे, जबकि अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने की।
उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सक एवं पदाधिकारी
समारोह में डॉ. धनपत कोचर, डॉ. बी.सी. घीया के साथ 17वें बैच के पदाधिकारी डॉ. शिव कुमार स्वामी, डॉ. जुगल किशोर सकरवाल, डॉ. गणपत सिंह पुरोहित तथा डॉ. जतन बाफना सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, पूर्व विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
