बीकानेर में ओलावृष्टि, सीकर समेत 5 जिलों में बारिश, महाजन में तेज हवा से बाइक अनियंत्रित होकर बस से टकराई, किसान की मौत
बीकानेर में ओलावृष्टि, सीकर समेत 5 जिलों में बारिश



जयपुर/बीकानेर, 27 सितम्बर। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार शाम सीकर, बीकानेर, अलवर, दौसा और चूरू सहित विभिन्न जिलों में तेज आंधी व अंधड़ के साथ बारिश दर्ज की गई। बीकानेर जिले के महाजन क्षेत्र स्थित शेरपुरा में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है।


मौसम के इस बदलाव के बीच महाजन-सरदारशहर रोड पर तेज हवा के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई।


इधर, सीकर शहर में करीब 30 मिनट और लक्ष्मणगढ़ में पौन घंटे तक तेज बरसात हुई। चूरू, सुजानगढ़ और अलवर शहर में भी घने बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिली।
तापमान में आई गिरावट, रात में बढ़ी ठंडक
बारिश और ओलावृष्टि के असर से राज्य के विभिन्न शहरों के दिन के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान गिरकर 36.8 डिग्री, बीकानेर में 37.1 डिग्री, चूरू में 38.3 डिग्री और बाड़मेर में 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान फलोदी में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी राज्य के 13 जिलों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
