सुदर्शन नगर में शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती मनाई गई; देशभक्ति व मातृभूमि के प्रति समर्पण को किया नमन
सुदर्शन नगर में शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती मनाई गई; देशभक्ति व मातृभूमि के प्रति समर्पण को किया नमन



बीकानेर, 28 सितम्बर । सुदर्शन नगर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में सोमवार को भगत सिंह पार्क विकास समिति की ओर से महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों ने उनकी प्रतिमा/चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस व बलिदान को याद किया।


समारोह में संयुक्त सचिव मनीष जांगिड़ ने अतिथियों का स्वागत किया, वहीं डॉ. राहुल पाल ने शहीद भगत सिंह की जीवनी और उनके क्रांतिकारी जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। समिति के अध्यक्ष आनंद शुक्ला ने कहा कि भगत सिंह जी ने अल्पायु में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का जो जज्बा दिखाया, वह आज भी देश के युवाओं के लिए महान प्रेरणास्रोत है।


सचिव शंकर सेवग ने बताया कि 28 सितंबर 1907 को जन्मे सरदार भगत सिंह केवल एक महान क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि एक गंभीर विचारक और लेखक भी थे। उन्होंने अपने विचारों व लेखों के माध्यम से युवाओं में सामाजिक चेतना जगाई। कार्यक्रम में पुष्पा तंवर ने उनके जीवन को साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल बताया।
इस अवसर पर एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव, यशपाल मेहता, भागीरथ भाटी, पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, राजकुमारी शर्मा, पूजा देवड़ा, कमला जांगिड़, इंदिरा भाटी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जनों ने महान अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
